OPPO Reno 17 सीरीज जल्द होगी लॉन्च, जानें स्पेसिफिकेशन्स
यह सीरीज 16 नवंबर को चीन में दस्तक देगी, जिसमें दमदार बैटरी और शानदार प्रोसेसर मिलने की उम्मीद है।

ओप्पो अपनी रेनो 17 सीरीज के स्मार्टफोन 16 नवंबर को चीन में नए प्रोसेसर और कैमरा के साथ लॉन्च करेगा।
टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। स्मार्टफोन बाजार में OPPO अपनी नई Reno 17 सीरीज के साथ दस्तक देने जा रहा है। कंपनी चीन में 16 नवंबर को Reno 17 और Reno 17 Pro स्मार्टफोन लॉन्च करेगी। लॉन्च से पहले कंपनी ने दोनों मॉडलों के कैमरा और प्रोसेसर से जुड़ी अहम जानकारियां साझा कर दी हैं। खास बात यह है कि स्टैंडर्ड Reno 17 में क्वाड कैमरा सेटअप मिलेगा, जबकि प्रो मॉडल में 200MP का प्राइमरी कैमरा दिया जाएगा।
OPPO अपनी Reno सीरीज को आकर्षक डिजाइन के लिए पेश करता रहा है। Reno 17 के Encounter Cat एडिशन में कंपनी ने 3D फ्लोटिंग इफेक्ट और स्पार्कलिंग फिनिश दिया है। इसके बैक पैनल पर ग्राफिक्स भी देखने को मिलेंगे। इससे पहले इस सीरीज के Reno 15 और Reno 16 मॉडल में भी डेकोरेटिव बैक पैनल दिए गए थे।
Reno 17 सीरीज के कैमरा सेटअप की बात करें तो Reno 17 Pro में 200 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा मिलेगा। हालांकि, OPPO ने अभी तक इसके पूरे कैमरा सेटअप का खुलासा नहीं किया है। वहीं, स्टैंडर्ड Reno 17 में 50 मेगापिक्सल के चार कैमरा सेंसर दिए जाएंगे। इस तरह कंपनी ने स्टैंडर्ड मॉडल के क्वाड कैमरा सेटअप की पुष्टि कर दी है।
प्रोसेसर के मामले में स्टैंडर्ड Reno 17 में Qualcomm Snapdragon 7 Gen 4 चिपसेट मिलेगा। दूसरी ओर, Reno 17 Pro में MediaTek Dimensity 8550 Super प्रोसेसर दिया जाएगा। दोनों स्मार्टफोन Android 17 आधारित ColorOS 17 पर काम करेंगे। कंपनी का दावा है कि नया सॉफ्टवेयर छह साल तक स्मूद परफॉर्मेंस देगा। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कंपनी इन स्मार्टफोन के लिए छह एंड्रॉयड अपग्रेड भी उपलब्ध कराएगी या नहीं।
कैमरा और प्रोसेसर की सामने आई जानकारी से संकेत मिलता है कि Reno 17 सीरीज में पिछले मॉडल की तुलना में इन दोनों क्षेत्रों में बड़े बदलाव नहीं किए गए हैं। Reno 16 Pro में भी 200MP का प्राइमरी कैमरा और Dimensity 8550 Super चिपसेट दिया गया था। वहीं, स्टैंडर्ड Reno 16 भारतीय बाजार में Snapdragon 7 Gen 4 प्रोसेसर के साथ लॉन्च हुआ था। ऐसे में Reno 17 सीरीज के इन दोनों प्रमुख हार्डवेयर फीचर्स में पिछली पीढ़ी की निरंतरता दिखाई दे रही है।
इस बीच Reno 17 सीरीज की डिस्प्ले और बैटरी को लेकर भी कुछ जानकारियां सामने आई हैं। लीक के मुताबिक, Reno 17 में 6.5 इंच की डिस्प्ले और 8,000mAh की बैटरी मिल सकती है। वहीं, Reno 17 Pro में 6.3 इंच की स्क्रीन और 7,200mAh की बैटरी दिए जाने की संभावना है। हालांकि, OPPO ने डिस्प्ले और बैटरी से जुड़ी इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
बैटरी क्षमता को लेकर सामने आए दावे सही साबित होते हैं तो Reno 17 सीरीज में पिछली पीढ़ी के मुकाबले बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। Reno 16 को अलग-अलग वेरिएंट में 6,700mAh और 7,000mAh की बैटरी के साथ लॉन्च किया गया था। अब Reno 17 में 8,000mAh की बैटरी मिलने की चर्चा है। फिलहाल इन संभावित स्पेसिफिकेशन्स पर आधिकारिक मुहर लगना बाकी है। ऐसे में 16 नवंबर को होने वाला लॉन्च इस सीरीज के वास्तविक फीचर्स और अपग्रेड की तस्वीर साफ करेगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
