ऑनलाइन गेमिंग बना जानलेवा; 23 साल के युवक की ब्रेन हेमरेज से मौत
मेरठ के देहली गेट थाना क्षेत्र में ऑनलाइन गेमिंग के दौरान 22 वर्षीय युवक मोहम्मद कैफ की तबीयत अचानक बिगड़ गई। ब्लड प्रेशर 300 के पार पहुंचने से ब्रेन हेमरेज हुआ और इलाज के दौरान दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उसकी मौत हो गई। घटना ने गेमिंग की लत पर चिंता बढ़ा दी है।

Online Gaming Death : मेरठ के देहली गेट थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां ऑनलाइन गेमिंग के दौरान एक 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों और अस्पताल सूत्रों के अनुसार, युवक का ब्लड प्रेशर अचानक खतरनाक स्तर तक बढ़ गया, जिसके बाद दिमाग की नस फटने यानी ब्रेन हेमरेज से उसकी जान चली गई।
मृतक की पहचान खैरनगर गूलर वाली निवासी मोहम्मद कैफ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कैफ लंबे समय से ऑनलाइन गेमिंग में अत्यधिक समय बिता रहा था। घटना वाले दिन भी वह कान में ईयरफोन लगाकर मोबाइल पर गेम खेल रहा था। इसी दौरान उसे तेज सिरदर्द और बेचैनी महसूस हुई, जिसके कुछ ही पलों बाद वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
परिजन उसे तत्काल स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। वहां करीब दो दिन तक उसका इलाज चला, लेकिन तमाम चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, भर्ती के समय उसका ब्लड प्रेशर 300 से अधिक दर्ज किया गया था, जो चिकित्सकीय रूप से अत्यंत खतरनाक स्थिति मानी जाती है।
परिवार के लोगों का कहना है कि उन्हें कैफ की गेमिंग की लत की पूरी जानकारी नहीं थी। इस घटना के बाद परिजन गहरे सदमे में हैं और इस मामले पर ज्यादा कुछ कहने से भी बच रहे हैं। वहीं, मोहल्ले के लोगों के अनुसार कैफ अक्सर घंटों मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेलता रहता था।
गौरतलब है कि इससे पहले भी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में ऑनलाइन गेमिंग की लत से जुड़े एक मामले में तीन बहनों द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना सामने आ चुकी है। इन बढ़ते मामलों को लेकर डॉक्टरों का कहना है कि अत्यधिक तनाव, मानसिक उत्तेजना, अनियमित दिनचर्या और लंबे समय तक स्क्रीन पर लगे रहने से युवाओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर और जानलेवा प्रभाव पड़ सकता है।
यह घटना एक बार फिर ऑनलाइन गेमिंग की लत और युवाओं के स्वास्थ्य पर उसके संभावित खतरों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Ashiti Joil
यह प्रातःकाल में कंटेंट रायटर अँड एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। यह गए 3 सालों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इन्होंने लोकसत्ता, टाईम महाराष्ट्र, PR और हैट मीडिया में सोशल मीडिया कंटेंट रायटर के तौर पर काम किया है। इन्होंने मराठी साहित्य में मास्टर डिग्री पूर्ण कि है और अभी ये यूनिवर्सिटी के गरवारे इंस्टीट्यूड में PGDMM (Marthi Journalism) कर रही है। यह अब राजकरण, बिजनेस , टेक्नोलॉजी , मनोरंजन और क्रीड़ा इनके समाचार बनती हैं।
