OnePlus 16 का भारत में लॉन्च OPPO Find X10 की बिक्री पर निर्भर कर सकता है
एक ही पेरेंट कंपनी होने के कारण समान कीमत वाले दो फ्लैगशिप फोन के बीच प्रतिस्पर्धा से बचने के लिए कंपनी यह रणनीति अपना रही है।

चीन में लॉन्च हुए वनप्लस 16 की भारत में एंट्री ओप्पो फाइंड एक्स10 की बिक्री रिपोर्ट पर निर्भर कर सकती है।
टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। OnePlus 16 के भारतीय बाजार में लॉन्च होने की उम्मीद लगाए बैठे ग्राहकों को अभी लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। चीन में अक्टूबर में लॉन्च हो चुके इस फ्लैगशिप स्मार्टफोन की भारत में एंट्री को लेकर कंपनी ने अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। इस बीच टिपस्टर Gadgetsdata के एक दावे ने फोन के भारतीय लॉन्च को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, OnePlus 16 की भारत में लॉन्चिंग का फैसला OPPO Find X10 की बिक्री के आंकड़ों पर निर्भर कर सकता है।
दावा किया जा रहा है कि ओप्पो फिलहाल Find X10 की सेल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इसी रिपोर्ट के आधार पर तय होगा कि वनप्लस के इस फ्लैगशिप स्मार्टफोन को भारतीय बाजार में उतारा जाएगा या नहीं।
क्या भारत में लॉन्च होगा OnePlus 16?
वनप्लस ने जुलाई में पुष्टि की थी कि वह यूरोप और नॉर्थ अमेरिका समेत ग्लोबल मार्केट में नए प्रोडक्ट लॉन्च करेगी। हालांकि, OnePlus India पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि भारतीय बाजार कंपनी की अंतरराष्ट्रीय रणनीति के लिए महत्वपूर्ण है। इसके बावजूद कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि कंपनी अपनी नंबर फ्लैगशिप सीरीज को चीन तक ही सीमित रख सकती है।
इसके साथ ही कंपनी के भारतीय बाजार में 25 हजार रुपये की कीमत वाली रेंज के स्मार्टफोन लॉन्च करने पर अधिक ध्यान देने की बात भी सामने आई है। टिपस्टर Gadgetsdata ने दावा किया है कि वनप्लस भारत में Ace 7 सीरीज को OnePlus 16R के नाम से पेश कर सकती है।
वहीं, OPPO Find X10 को भारत में 1,39,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया है। इस स्मार्टफोन में Dimensity 9600M चिपसेट, डुअल 200MP रियर कैमरा और 8,000mAh की बैटरी दी गई है।
OnePlus और OPPO की पेरेंट कंपनी एक ही है। ऐसे में समान कीमत वाले दो फ्लैगशिप स्मार्टफोन बाजार में उतारने से दोनों ब्रांड के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है। इसी वजह से कंपनी एक समय में एक ही फोन लॉन्च करने की रणनीति पर विचार कर रही है। ऐसे में OPPO Find X10 की बिक्री के आंकड़े OnePlus 16 की भारतीय बाजार में एंट्री के लिहाज से अहम हो सकते हैं।
OnePlus 16 के संभावित फीचर्स और स्पेसिफिकेशन
संभावित फीचर्स की बात करें तो OnePlus 16 में 165Hz रिफ्रेश रेट वाला 6.78 इंच का LTPO AMOLED डिस्प्ले मिल सकता है। दावा है कि यह डिस्प्ले 185Hz गेमिंग सपोर्ट के साथ आ सकता है।
परफॉर्मेंस के लिए फोन में Qualcomm Snapdragon 8 Elite Extreme Gen 6 चिपसेट दिए जाने की संभावना है। इसके साथ 16GB तक रैम और 1TB तक स्टोरेज मिल सकती है।
फोटोग्राफी के लिए OnePlus 16 में OIS सपोर्ट वाला 200MP का प्राइमरी कैमरा दिए जाने का दावा है। इसके अलावा फोन में 3x ऑप्टिकल जूम वाला 50MP का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा और 50MP का अल्ट्रावाइड कैमरा भी मिल सकता है।
बैटरी के मामले में भी यह स्मार्टफोन दमदार क्षमता के साथ दस्तक दे सकता है। इसमें 9,000mAh की बैटरी के साथ 100W वायर्ड और 50W वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट मिलने की संभावना जताई गई है।
कीमत की बात करें तो वनप्लस ने चीन में इस स्मार्टफोन को CNY 5,999 यानी करीब 86,000 रुपये की कीमत पर लॉन्च किया है। वहीं, टिपस्टर Gadgetsdata के मुताबिक, भारतीय बाजार में इसकी कीमत 1.3 लाख रुपये से 1.4 लाख रुपये के बीच हो सकती है।
फिलहाल OnePlus 16 के भारत में लॉन्च को लेकर कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में भारतीय ग्राहकों को इसकी उपलब्धता, कीमत और लॉन्च से जुड़ी जानकारी के लिए कंपनी की घोषणा का इंतजार करना होगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
