वैभव सूर्यवंशी को मिली बिहार टी20 टीम की कप्तानी
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने 15 वर्षीय बल्लेबाज को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए सौंपी कमान।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 के लिए बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को कप्तान बनाया।
बिहार क्रिकेट ने एक बड़ा फैसला लेते हुए महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 के लिए राज्य की टी20 टीम की कप्तानी सौंप दी है। शुक्रवार (06 नवंबर) को बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने आगामी टूर्नामेंट के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए टीम की घोषणा की, जिसमें वैभव को कप्तान और सूरज कश्यप को उपकप्तान बनाया गया है। 14 नवंबर से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट में वैभव के नेतृत्व में बिहार की टीम मैदान पर उतरेगी।
बिहार को शुरुआती दो मुकाबले सौराष्ट्र और रेलवे के खिलाफ खेलने हैं। रेलवे के खिलाफ टीम का मुकाबला 16 नवंबर को होगा। इन दोनों मैचों के लिए बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने 17 सदस्यीय मुख्य टीम घोषित की है। इसके अलावा 16 खिलाड़ियों को स्टैंडबॉय के रूप में रखा गया है, जबकि कुछ अन्य खिलाड़ियों की उपलब्धता उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगी।
बिहार स्टेट बोर्ड ने टीम चयन और खिलाड़ियों से जुड़ी तमाम जानकारियां अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से साझा की हैं। अब शुरुआती मुकाबलों में वैभव सूर्यवंशी की कप्तानी और उनके नेतृत्व में टीम के प्रदर्शन पर नजर रहेगी।
वैभव को कप्तानी सौंपे जाने पर बिहार क्रिकेट के अध्यक्ष हर्ष वर्धन ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "वैभव ने कम उम्र में ही बेहतरीन प्रतिभा, आत्मविश्वास और परिपक्वता का प्रदर्शन किया है, और यह जिम्मेदारी उन्हें एक क्रिकेटर और लीडर के रूप में आगे बढ़ने का एक और मौका देगी।"
उन्होंने आगे कहा, "हमें उम्मीद है कि वैभव के नेतृत्व में, आने वाले सीजन में राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए टीम अनुशासित, प्रतिस्पर्धी और प्रभावी प्रदर्शन करेगी।"
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए घोषित बिहार की 17 सदस्यीय टीम में वैभव सूर्यवंशी (कप्तान), सूरज कश्यप (उपकप्तान), आलोक कुमार, आयुष लोहारुका (विकेटकीपर), अल्तमश अशरफ, परम कुमार सिंह, अनमोल कुमार (विकेटकीपर), ऋत्विक राज, मयंक कुमार, राघवेंद्र प्रताप, आशीष कुमार, वासुदेव प्रताप सिंह, मोहम्मद इजहार, अमोद यादव, प्रशांत सिंह, नवाज खान और हिमांशु सिंह को शामिल किया गया है।
वहीं, मंगल महौर और शाकिब हुसैन का टूर्नामेंट में खेलना उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा। इनके अलावा बिपिन सौरभ, सुमन कुमार, आकाश राज, खालिद आलम, भास्कर दुबे, कुमार रजनीश, सुयश, अभिजीत साकेत, यशस्वी ऋषभ, लखन राजा, पवन कुमार, अमित चौधरी, पीयूष सिंह, भानु कुमार, लोकेश बाबूलाल कुमार और प्रशांत श्रीवास्तव को स्टैंडबॉय खिलाड़ियों की सूची में रखा गया है।
महज 15 साल की उम्र में बिहार की टी20 टीम की कमान मिलना वैभव सूर्यवंशी के लिए अहम जिम्मेदारी है। अब सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के शुरुआती मुकाबलों में उनके नेतृत्व में बिहार की टीम किस तरह प्रदर्शन करती है, इस पर क्रिकेट जगत की नजर रहेगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
