भारतीय वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर को फिलहाल ऑस्ट्रेलिया के सिडनी के अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है। बताया गया है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मैच के दौरान, श्रेयस को चोट लगी थी। उनकी बाईं पसलियों पर लगी चोट की वजह से उनके शरीर के अंदर खून निकलने (रक्तस्राव) लगा है।बीसीसीआई ने पुष्टि की है कि उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत आईसीयू में भर्ती किया है।


यह हादसा तीसरे वनडे मैच के दौरान हुई जब ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज एलेक्स कैरी ने हर्षित राणा की गेंद पर ऊंचा शॉट खेला। श्रेयस ने बाउंड्री की ओर जाता कैच पकड़ने के लिए लंबी दौड़ लगाकर शानदार कोशिश की। उन्होंने गेंद को हवा में लपक लिया, लेकिन गिरते समय उनकी पसलियों पर जोरदार चोट लगी। इसके बाद वे दर्द से परेशान होकर मैदान से बाहर चले गए और डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उनका इलाज शुरू किया।


सूत्रों के मुताबिक श्रेयस को कुछ दिनों के लिए डॉक्टरों की निगरानी में रखा जाएगा। यह समय उनके स्वास्थ्य के हिसाब से तय किया जाएगा। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी हालत पर नजर रख रही है ताकि कोई संक्रमण न फैले। अभी श्रेयस की तबीयत में सुधार है और डॉक्टरों को उम्मीद है कि वे जल्दी ठीक हो जाएंगे।


बीसीसीआई ने मैच खत्म होने के बाद एक बयान जारी कर बताया था कि श्रेयस को अस्पताल ले जाया गया है और उनका इलाज चल रहा है। ड्रेसिंग रूम में लौटने के बाद उनके शरीर के कुछ ज़रूरी पैरामीटर्स ठीक नहीं मिले, इसलिए डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया। जांच में पता चला कि उन्हें अंदरूनी खून बहने की समस्या है, जिससे संक्रमण हो सकता था। इसलिए डॉक्टरों ने फैसला किया कि वे कुछ दिन आईसीयू में रहेंगे।


टीम मैनेजमेंट और फिजियो का कहना है कि अय्यर जैसा खिलाड़ी मानसिक रूप से बहुत मजबूत है। हालांकि प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार उन्हें मैदान पर वापसी में तीन सप्ताह का समय लग सकता है, लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि इसमें थोड़ा और समय भी लग सकता है। फिलहाल भारतीय टीम ने उनकी जगह किसी नए खिलाड़ी की घोषणा नहीं की है और उम्मीद जताई है कि अय्यर जल्द ठीक होकर दोबारा टीम से जुड़ेंगे।


तीस साल के श्रेयस अय्यर इस समय सिर्फ वनडे मैच खेल रहे हैं। कमर की पुरानी चोट के कारण वे पिछले छह महीने से टेस्ट क्रिकेट में नहीं खेल रहे हैं। साथ ही हाल के T20 मैचों में भी उन्हें टीम में नहीं चुना गया था। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इसी सीरीज़ के दूसरे वनडे में उन्होंने 61 रन की शानदार पारी खेली थी।


Manyaa Chaudhary

Manyaa Chaudhary

यह 'प्रातःकाल' में एसोसिएट एडिटर के पद पर हैं। और पिछले दो वर्षों से इन्हें रिपोर्टिंग और इवेंट मैनेजमेंट का अनुभव है। इससे पहले इन्होंने 'स्वदेश न्यूज़ चैनल' में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया है। ये विशेष रूप में मनोरंजन, स्पोर्ट्स, और क्राइम रिपोर्टिंग क्षेत्र में समर्थ हैं। अभी यह जर्नलिज्म की पढाई कर रही हैं।

Next Story