पैरा आर्चर शीतल देवी का नया कीर्तिमान: 720 में से 704 अंक हासिल कर वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की, बनाया नया एशियन रिकॉर्ड|
पैरा आर्चर शीतल देवी ने 720 में से 704 अंक हासिल कर वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की और नया एशियन रिकॉर्ड बनाया|

पैरा आर्चर शीतल देवी ने एशियन गेम्स के क्वालिफिकेशन राउंड में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की|
भारत की स्टार पैरा आर्चर शीतल देवी ने एक बार फिर खेल जगत में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने क्वालिफिकेशन राउंड के दौरान 720 में से 704 अंक हासिल करते हुए वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। इसके साथ ही शीतल देवी ने नया एशियन रिकॉर्ड और नया एशियन गेम्स रिकॉर्ड भी अपने नाम दर्ज कर लिया है। पिछला एशियन रिकॉर्ड 698 पॉइंट्स का था। पैरा कंपाउंड विमेन रैंकिंग राउंड में शीतल देवी ने शुरुआत से ही शानदार प्रदर्शन किया और 704 के बड़े स्कोर के साथ पहला स्थान हासिल किया।
इस मुकाबले में उन्होंने कुल 57 तीरों में पूरे अंक हासिल किए, जिनमें 32 X’s और 25 10’s शामिल रहे। यानी उनके 32 तीर एकदम परफेक्ट निशाने पर लगे और 25 अन्य तीरों में भी उन्होंने पूरे 10-10 प्वाइंट हासिल किए। इस लाजवाब प्रदर्शन के साथ ही उन्होंने अगले राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली है। दूसरी ओर, अपने पहले एशियन गेम्स में खेल रहीं पायल नाग ने भी बेहतरीन डेब्यू किया। पायल नाग ने 675 का स्कोर हासिल किया, जिसमें 12 X’s और 20 10’s शामिल थे। इस शानदार प्रदर्शन के बल पर उन्होंने रैंकिंग राउंड में 5वां (टाई) स्थान हासिल किया। शीतल देवी और पायल नाग की इस भारतीय जोड़ी ने पैरा कंपाउंड विमेन डबल्स रैंकिंग राउंड में भी कुल 1379 अंक (शीतल: 704 और पायल: 675) हासिल करके पहला स्थान प्राप्त किया। अब टीम इंडिया की यह जोड़ी 20 अक्टूबर को सुबह 11:15 बजे से पैरा कंपाउंड विमेंस डबल्स क्वार्टरफाइनल मुकाबले के लिए मैदान पर उतरेगी।

Lalita Rajput
इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।
