भारत की महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक विश्व कप जीत पर देशभर में जश्न का माहौल है। इसी खुशी को रेत में उकेरते हुए पद्मश्री सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने पुरी बीच पर अपनी कला से टीम इंडिया को खास अंदाज़ में श्रद्धांजलि दी।


भारत की महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है। 2 नवंबर को मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए आईसीसी महिला वनडे विश्व कप फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार खिताब अपने नाम किया। इस जीत ने पूरे देश को गर्व से भर दिया है। मैदान से लेकर सोशल मीडिया तक जश्न का माहौल है और अब इसी खुशी को रेत की कला में उकेरा है भारत के प्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने।

पद्मश्री से सम्मानित सुदर्शन पटनायक ने पुरी बीच पर रेत से एक खास कलाकृति बनाई है, जिसमें उन्होंने बल्ले और गेंद के माध्यम से भारतीय महिला टीम की ऐतिहासिक जीत को समर्पित किया है। इस कलाकृति के साथ उन्होंने संदेश दिया “महिला शक्ति की जीत, भारत की जीत।”

आईएएनएस से बातचीत में सुदर्शन पटनायक ने कहा, “हमारी महिला क्रिकेट टीम ने जो इतिहास रचा है, उसने पूरी दुनिया को भारत की नारी शक्ति का परिचय कराया है। 2025 विश्व कप में उनके प्रदर्शन ने हर भारतीय का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया है। एक कलाकार के रूप में यह मेरी कोशिश है कि मैं अपनी कला से उन्हें सलाम कर सकूं।”

मैच की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 298 रन बनाए। शेफाली वर्मा ने 87 रन की शानदार पारी खेली, जबकि दीप्ति शर्मा (58 रन) और स्मृति मंधाना (45 रन) ने बेहतरीन योगदान दिया। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने मैच पलट दिया। दीप्ति शर्मा ने 5 विकेट लेकर दक्षिण अफ्रीका की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया, जबकि शेफाली वर्मा ने गेंद से भी कमाल दिखाते हुए 2 विकेट झटके।

भारत की इस ऐतिहासिक जीत को देखने के लिए स्टेडियम में पुरुष टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा भी मौजूद थे। जैसे ही भारत ने जीत दर्ज की, दर्शक दीर्घा में भारत माता की जय और ‘टीम इंडिया जिंदाबाद’ के नारे गूंज उठे।

पुरी बीच पर सुदर्शन पटनायक की यह सैंड आर्ट अब लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। उनकी यह कलाकृति सिर्फ कला नहीं, बल्कि उस नारी शक्ति को समर्पित प्रतीक है जिसने मैदान पर पूरे देश का मान बढ़ाया है।

Updated On 4 Nov 2025 3:38 PM IST
Ashiti Joil

Ashiti Joil

यह प्रातःकाल में कंटेंट रायटर अँड एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। यह गए 3 सालों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इन्होंने लोकसत्ता, टाईम महाराष्ट्र, PR और हैट मीडिया में सोशल मीडिया कंटेंट रायटर के तौर पर काम किया है। इन्होंने मराठी साहित्य में मास्टर डिग्री पूर्ण कि है और अभी ये यूनिवर्सिटी के गरवारे इंस्टीट्यूड में PGDMM (Marthi Journalism) कर रही है। यह अब राजकरण, बिजनेस , टेक्नोलॉजी , मनोरंजन और क्रीड़ा इनके समाचार बनती हैं।

Next Story