टोक्यो: भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर और डिफेंडिंग चैंपियन नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर अपनी दमदार फॉर्म का परिचय देते हुए वर्ल्ड चैंपियनशिप फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। बुधवार को टोक्यो के नेशनल स्टेडियम में आयोजित क्वालीफाइंग राउंड में नीरज ने अपने पहले ही प्रयास में 84.85 मीटर का शानदार थ्रो किया। क्वालीफाई करने के लिए 84.50 मीटर की दूरी तय करनी जरूरी थी, जिसे चोपड़ा ने पहले ही प्रयास में पार कर लिया। इस उपलब्धि के बाद उन्हें दूसरा थ्रो करने की जरूरत ही नहीं पड़ी और वह सीधे फाइनल में पहुंच गए।

गौरतलब है कि पिछली बार बुडापेस्ट में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप फाइनल में नीरज चोपड़ा ने 88.17 मीटर का थ्रो कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। उस प्रतियोगिता में पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 87.82 मीटर के साथ सिल्वर और वादलेज ने 86.67 मीटर थ्रो कर ब्रॉन्ज जीता था।

27 वर्षीय नीरज चोपड़ा दो बार के ओलिंपिक मेडलिस्ट भी हैं। इस बार वह ग्रुप ए का हिस्सा थे, जिसमें कुल 19 जेवलिन थ्रोअर शामिल थे। ग्रुप ए से जर्मनी के वर्ल्ड नंबर-1 जुलियन वीबर ने 87.21 मीटर और पोलैंड के डेविड वेगनर ने 85.67 मीटर का थ्रो कर फाइनल में जगह बनाई। दिलचस्प बात यह रही कि वीबर को पहले प्रयास में क्वालीफाइंग मार्क हासिल करने में सफलता नहीं मिली, लेकिन उन्होंने दूसरे प्रयास में शानदार प्रदर्शन किया।

वहीं, ग्रुप बी से पाकिस्तान के ओलिंपिक चैंपियन अरशद नदीम ने भी फाइनल में एंट्री कर ली। उन्हें यह सफलता तीसरे प्रयास में मिली। नदीम ने शुरुआती दो प्रयासों में 76.99 मीटर और 74.17 मीटर का थ्रो किया, लेकिन तीसरे प्रयास में उन्होंने 85.28 मीटर दूर भाला फेंककर फाइनल में जगह पक्की की। अब सभी की नजरें नीरज चोपड़ा पर होंगी, जो एक बार फिर गोल्ड मेडल जीतकर अपना वर्ल्ड चैंपियनशिप खिताब बचाने की तैयारी में जुटे हैं।

Updated On
Manyaa Chaudhary

Manyaa Chaudhary

यह 'प्रातःकाल' में एसोसिएट एडिटर के पद पर हैं। और पिछले दो वर्षों से इन्हें रिपोर्टिंग और इवेंट मैनेजमेंट का अनुभव है। इससे पहले इन्होंने 'स्वदेश न्यूज़ चैनल' में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया है। ये विशेष रूप में मनोरंजन, स्पोर्ट्स, और क्राइम रिपोर्टिंग क्षेत्र में समर्थ हैं। अभी यह जर्नलिज्म की पढाई कर रही हैं।

Next Story