नीरज चोपड़ा की नई उड़ान ; गोल्डन थ्रो के बाद अब लेफ्टिनेंट कर्नल के रूप में करेंगे सेवा
ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा को भारतीय थल सेना की टेरिटोरियल आर्मी में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल की उपाधि से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उनके देशप्रेम, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रतीक है।

नीरज चोपड़ा
भारत के स्वर्ण सितारे नीरज चोपड़ा एक बार फिर चर्चा में हैं। नीरज को भारतीय एथलेटिक्स में रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन के लिए जाना गया है। वे जेवलिन थ्रो वर्ल्ड चैंपियन रह चुके हैं। इस बार उनकी चर्चा देश सेवा से जुड़ी है। हाल ही में नीरज चोपड़ा को भारतीय थल सेना की टेरिटोरियल आर्मी में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल की उपाधि से सम्मानित किया गया है। यह उपाधि उन्हें नई दिल्ली में आयोजित किए गए एक विशेष समारोह में प्रदान किया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी की मौजूदगी में नीरज को लेफ्टिनेंट कर्नल की उपाधि से नवासा गया।
नीरज ने अपनी ख़ुशी ज़ाहिर करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि उनकी ज़िम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के साथ उनका जुड़ाव हमेशा गर्व का विषय रहा है और यह पद उन्हें देश की सेवा के प्रति और अधिक समर्पित बनाएगा। उन्होंने रक्षा मंत्री, सेना प्रमुख और टेरिटोरियल आर्मी को इस अवसर के लिए धन्यवाद दिया।
नीरज ने ट्रैक एंड फील्ड में 2020 के टोक्यो ओलंपिक्स में भारत को पहला गोल्ड मेडल दिलाया था। 2023 में वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नीरज ने गोल्ड मेडल जीत कर दुनिया के सबस स्थिर जेवलिन थ्रो खिलाडियों में से एक बन गए। ओलिंपिक 2024 में उन्होंने सिल्वर मेडल जीतकर एक बार फिर भारत का नाम रोशन किया। नीरज ने नई पीढ़ी के खिलाडियों के लिए एक मिसाल कायम किया है।
2016 में नीरज भारतीय सेना में नायब सूबेदार के रूप में शामिल हुए थे और बाद में उन्हें सूबेदार मेजर के पद तक पदोन्नति मिली। उनका जुड़ाव सेना के साथ काफी अनोखा रहा है। उनकी मेहनत, समर्पण और राष्ट्रप्रेम ने उन्हें उस मुकाम पर पहुंचाया है जहां खेल और सेवा दोनों का संतुलन दिखाई देता है।
हाल ही में नीरज चोट की समस्या से जूझ रहे हैं, खासकर पीठ की तकलीफ के कारण उन्होंने कुछ अंतरराष्ट्रीय इवेंट्स से दूरी बनाई थी। बावजूद इसके, वे लगातार फिटनेस और फॉर्म पर काम कर रहे हैं और आगामी सीज़न में एक बार फिर शानदार वापसी की उम्मीद जताई है।
नीरज चोपड़ा का मानद लेफ्टिनेंट कर्नल के रूप में सम्मान भारत के लिए गर्व का क्षण है। यह सिर्फ एक एथलीट की उपलब्धि नहीं, बल्कि यह संदेश भी है कि जब खेल और राष्ट्रसेवा साथ चलते हैं, तब देश को विश्व पटल पर नई पहचान मिलती है। नीरज आज युवाओं के लिए सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण और देशभक्ति का जीवंत प्रतीक बन चुके हैं।

Manyaa Chaudhary
यह 'प्रातःकाल' में एसोसिएट एडिटर के पद पर हैं। और पिछले दो वर्षों से इन्हें रिपोर्टिंग और इवेंट मैनेजमेंट का अनुभव है। इससे पहले इन्होंने 'स्वदेश न्यूज़ चैनल' में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया है। ये विशेष रूप में मनोरंजन, स्पोर्ट्स, और क्राइम रिपोर्टिंग क्षेत्र में समर्थ हैं। अभी यह जर्नलिज्म की पढाई कर रही हैं।
