बांग्लादेश पर भारत की दमदार जीत, 10वीं बार महिला एशिया कप के फाइनल में पहुंची टीम इंडिया|
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल मुकाबले में बांग्लादेश को 40 रनों से शिकस्त दी और रिकॉर्ड 10वीं बार एशिया कप के फाइनल में प्रवेश किया।

दुबई में खेले गए महिला एशिया कप में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार गेंदबाजी और बल्लेबाजी के दम पर बांग्लादेश को हराकर फाइनल का टिकट कटाया।
महिला एशिया कप के सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 40 रनों से करारी शिकस्त दी और रिकॉर्ड दसवीं बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। दुबई में खेले गए इस मुकाबले में टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 149 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम निर्धारित ओवरों में 7 विकेट पर 109 रन ही बना सकी और टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
भारतीय पारी की शुरुआत काफी धीमी और मुश्किल भरी रही। पारी के दूसरे ओवर की अंतिम गेंद पर सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना मात्र 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद शेफाली वर्मा ने प्रतिका रावल के साथ मिलकर पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 44 गेंदों में 50 रनों की उपयोगी साझेदारी की। प्रतिका रावल ने 24 गेंदों में 20 रनों का योगदान दिया। इसके पश्चात कप्तान हरमनप्रीत कौर मैदान पर उतरीं और उन्होंने शेफाली वर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए 27 गेंदों में 33 रन जोड़े। आक्रामक अंदाज में खेलती हुई शेफाली वर्मा ने 40 गेंदों का सामना करते हुए 3 छक्कों और 7 चौकों की मदद से 64 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।
पारी के अंतिम ओवरों में ऋचा घोष ने 21 गेंदों में 16 रन बनाए, जिसमें दो छक्के शामिल रहे। इसके अलावा दीप्ति शर्मा ने भी कप्तान का साथ निभाते हुए तेजी से रन जोड़े। कप्तान हरमनप्रीत कौर 28 गेंदों में 2 छक्कों की मदद से 24 रन बनाकर नाबाद रहीं। बांग्लादेश की ओर से गेंदबाजी करते हुए सुल्ताना खातून ने 3 ओवरों में 30 रन देकर 2 विकेट झटके, जबकि मारुफा अख्तर, नाहिदा अख्तर और राबिया खान को एक-एक सफलता मिली।
जीत के लिए मिले 150 रनों के लक्ष्य का बचाव करने उतरी भारतीय गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन किया। एक मुश्किल मानी जा रही बैटिंग पिच पर भारतीय गेंदबाजों ने अपनी धारदार गेंदबाजी से बांग्लादेशी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। भारत की प्रमुख मैच विनर गेंदबाज दीप्ति शर्मा ने बेहतरीन गेंदबाजी का मुजायरा करते हुए सिर्फ 26 रन खर्च करके बांग्लादेश की 3 महत्वपूर्ण बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके अलावा तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा ने 2 विकेट चटकाए, जबकि श्री चरणी और प्रेमा रावत ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। बांग्लादेश की तरफ से दिलारा अख्तर ने 21 रन, शोरना अख्तर ने नाबाद 22 रन, कप्तान निगर सुल्ताना ने 19 रन और शोभना मोस्तरी ने 18 रन का योगदान दिया, लेकिन पूरी टीम मिलकर भी जीत की मंजिल तक नहीं पहुंच सकी। इस शानदार जीत के बाद अब खिताबी मुकाबले में भारत का सामना पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल मैच की विजेता टीम से होगा।

Lalita Rajput
इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।
