छत्तीसगढ़ की युवा क्रिकेट प्रतिभा महक नरवासे ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में उपकप्तान की जिम्मेदारी प्राप्त की है। आगामी श्रीलंका दौरे के लिए टी-20 और वनडे दोनों टीमों का उपकप्तान नियुक्त किए जाने पर शनिवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनका सम्मान कर शुभकामनाएं दीं।

रायपुर में आयोजित इस मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री साय ने महक नरवासे को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महक की यह उपलब्धि केवल उनके परिवार या राजनांदगांव जिले के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियां खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर रही हैं। महक ने अपने परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो प्रदेश के युवाओं और विशेष रूप से बेटियों के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि महक आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम गौरवान्वित करेंगी। उन्होंने उन्हें निरंतर आगे बढ़ने और नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि उनकी सफलता हजारों युवा खिलाड़ियों के सपनों को नई दिशा और प्रेरणा देगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने महक के चयन को प्रदेश में विकसित हो रहे सकारात्मक खेल वातावरण और खिलाड़ियों को मिल रहे अवसरों का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

सम्मान समारोह के दौरान महक नरवासे ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उनके पिता राधेश्याम नरवासे, महापौर मधुसूदन यादव, कोच मनोज तिवारी तथा अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

महक नरवासे का भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान के रूप में चयन न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ में उभरती खेल प्रतिभाओं और महिला खिलाड़ियों के बढ़ते आत्मविश्वास का भी महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story