भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल मैदान पर खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में जसप्रीत बुमराह का गेंदबाजी एक्शन चर्चा का विषय बन गया है। मुकाबले के पहले दिन बुमराह एक भी विकेट हासिल नहीं कर सके, लेकिन उनके गेंदबाजी करने के अंदाज में आया बदलाव सोशल मीडिया पर बहस की वजह बन गया।

आमतौर पर जसप्रीत बुमराह रन-अप के दौरान दोनों हाथों से गेंद पकड़कर दौड़ते हैं। हालांकि, न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में उनका अंदाज बदला हुआ नजर आया। इस बार वह दोनों हाथों को अलग-अलग करके दौड़ते दिखाई दिए। उनके पुराने और नए गेंदबाजी एक्शन की तुलनात्मक तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की जा रही हैं।

बुमराह के इस बदलाव को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। चर्चा है कि उन्होंने अपने गेंदबाजी एक्शन को बेहतर बनाने के लिए यह बदलाव किया है या फिर इसके पीछे विकेट हासिल करने की कोई नई रणनीति है।

बुमराह का रन-अप पहले की तरह छोटा ही रहा, लेकिन इस बार वह हाथ खोलकर दौड़ते दिखाई दिए। गेंद रिलीज करने से ठीक पहले उनके हाथों की गतिविधि पहले जैसी ही थी। यानी उनके एक्शन में मुख्य अंतर दौड़ने के दौरान हाथों की स्थिति में देखने को मिला। अंग्रेजी कमेंटेटर्स ने भी उनके नए गेंदबाजी एक्शन को पहले की तुलना में बेहतर बताया।

बुमराह के दौड़ने के तरीके में भी अंतर नजर आया। पुराने एक्शन में वह पंजों के सहारे छोटे-छोटे कदम लेकर दौड़ते थे, जबकि क्राइस्टचर्च में उन्हें छोटे-छोटे जम्प लेते हुए आगे बढ़ते देखा गया।

इस बदलाव को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उनकी आलोचना भी की। कुछ यूजर्स ने कहा कि बुमराह इस समय अपने करियर के चरम पर नहीं हैं। उनकी विकेट लेने की क्षमता और गेंदबाजी की गति में भी गिरावट आई है।

दूसरी ओर, क्राइस्टचर्च टेस्ट के पहले दिन विकेट नहीं मिलने के साथ बुमराह के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया। उन्होंने पहली पारी में 19 ओवर गेंदबाजी की और 37 रन दिए, लेकिन कोई विकेट हासिल नहीं कर सके।

इस टेस्ट सीरीज में बुमराह पिछले 36.4 ओवर से विकेट हासिल नहीं कर पाए हैं। यह टेस्ट क्रिकेट में उनका अब तक का सबसे लंबा विकेटरहित गेंदबाजी स्पेल है। इससे पहले उनका सबसे लंबा विकेटरहित स्पेल 36 ओवर का था, जो 2021 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ आया था।

क्राइस्टचर्च टेस्ट में बुमराह के नए रन-अप और गेंदबाजी एक्शन के साथ उनका विकेटरहित स्पेल भी चर्चा में है। ऐसे में उनके गेंदबाजी अंदाज में आए बदलाव और प्रदर्शन पर सबकी नजरें बनी हुई हैं।

Next Story