जयपुर नगर निगम की कार्रवाई: 16 कैंटर सामान जब्त, 44 हजार का जुर्माना
आयुक्त ओम कसेरा के निर्देश पर सतर्कता शाखा ने जगतपुरा और मानसरोवर सहित विभिन्न इलाकों से अस्थाई अतिक्रमण हटाकर 16 कैंटर सामान जब्त किया।

जयपुर, 28 अप्रैल। राजधानी में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा ने मंगलवार को निर्णायक प्रहार किया है। नगर निगम जयपुर आयुक्त श्री ओम कसेरा के कड़े निर्देशानुसार एवं क्षेत्र से लगातार प्राप्त हो रही जन-शिकायतों के निस्तारण हेतु उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न इलाकों में सघन अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान निगम दस्ते ने अस्थाई अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए मौके पर 44 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया और भारी मात्रा में अतिक्रमण हटाते हुए 16 कैंटर सामान जब्त कर लिया।
सतर्कता शाखा की इस विशेष टीम ने नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आने वाले शिव नगर नांगल पुलिया, 60 फीट रोड सूर्य नगर गोपालपुरा बाईपास, पटेल नगर गोखले मार्ग मानसरोवर, किड्स पब्लिक स्कूल के पास न्यू सांगानेर रोड, बरकत नगर, मनोहरपुरा जगतपुरा, मयूरविहार जगतपुरा, आरटीओ ऑफिस, लालकोठी मण्डी तथा फोर्टिस हॉस्पिटल जेएलएन मार्ग जैसे प्रमुख स्थलों पर कार्रवाई को अंजाम दिया। उपायुक्त सतर्कता ने जानकारी देते हुए बताया कि इन सभी स्थानों से अस्थाई अतिक्रमण को पूरी तरह हटवा दिया गया है और जब्त किए गए 16 कैंटर सामान को निगम के गोदाम में भिजवा दिया गया है।
प्रशासनिक सख्ती के साथ-साथ सतर्कता टीम ने मौके पर समझाइश का दौर भी जारी रखा। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों को मौखिक रूप से पाबंद किया गया कि वे भविष्य में समय रहते स्वयं ही अस्थाई अतिक्रमण हटा लें। चेतावनी दी गई है कि यदि पुनः अवैध अतिक्रमण पाया गया, तो नगर निगम जयपुर द्वारा भारी चालान काटने के साथ-साथ और भी अधिक प्रभावी दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। निगम की इस कार्रवाई से शहर के मुख्य मार्गों और बाजारों में अतिक्रमण करने वालों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
