ICC Women's T20I Rankings 2026 : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) द्वारा जारी ताजा महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की धमक साफ तौर पर देखी जा रही है। ऑस्ट्रेलिया जैसी दिग्गज टीम के खिलाफ ऐतिहासिक सीरीज जीत का इनाम भारतीय खिलाड़ियों को रैंकिंग में सुधार के रूप में मिला है। टीम की स्टार सलामी बल्लेबाज और उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने दुनिया की दूसरी सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज के तौर पर अपनी बादशाहत कायम रखी है, वहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी अपने शानदार नेतृत्व और प्रदर्शन के दम पर शीर्ष 15 में जगह बना ली है।

स्मृति मंधाना वर्तमान में 770 अंकों के साथ रैंकिंग में दूसरे स्थान पर जमी हुई हैं। वह शीर्ष पर काबिज ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी (793 अंक) से मात्र 23 अंक पीछे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई हालिया टी20 सीरीज मंधाना के लिए किसी सपने से कम नहीं रही। सीरीज के निर्णायक मुकाबले में उन्होंने महज 55 गेंदों में 82 रनों की आतिशी पारी खेलकर न केवल टीम को जीत दिलाई, बल्कि जेमिमा रोड्रिग्स के साथ दूसरे विकेट के लिए 121 रनों की विशाल साझेदारी कर कंगारू टीम के हौसले पस्त कर दिए। उनकी इसी पारी के दम पर भारत ने मेहमान टीम को 17 रनों से शिकस्त देकर सीरीज 2-1 से अपने नाम की।

कप्तान हरमनप्रीत और अन्य खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन :

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर के लिए भी यह रैंकिंग सुखद समाचार लेकर आई है। हरमनप्रीत एक पायदान ऊपर चढ़कर 638 अंकों के साथ अब 14वें स्थान पर पहुंच गई हैं। सीरीज के दौरान उनके 30 गेंदों में 36 रनों के महत्वपूर्ण योगदान और मैदान पर उनकी 'सुपरसोनिक' फील्डिंग ने उन्हें 'सीरीज की सर्वश्रेष्ठ फील्डर' का खिताब भी दिलाया। विशेष रूप से, इस श्रृंखला के दौरान हरमनप्रीत महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में सबसे अधिक मैच खेलने वाली खिलाड़ी बनकर एक नया कीर्तिमान भी स्थापित किया है।



भारतीय बल्लेबाजी की गहराई का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि शीर्ष 15 में भारत का दबदबा काफी मजबूत है:

  • शेफाली वर्मा : युवा विस्फोटक बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने छठे स्थान पर अपना कब्जा बरकरार रखते हुए टॉप-10 में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।
  • जेमिमा रोड्रिग्स : मध्यक्रम की भरोसेमंद बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ने भी रैंकिंग में सुधार करते हुए अब संयुक्त रूप से 11वां स्थान हासिल कर लिया है।



यह रैंकिंग दर्शाती है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम अब केवल भागीदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि वैश्विक मंच पर राज करने के लिए तैयार है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली यह ऐतिहासिक जीत और व्यक्तिगत रैंकिंग में सुधार खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। आगामी विश्व कप और अंतरराष्ट्रीय दौरों से पहले भारतीय टीम का यह फॉर्म प्रतिद्वंद्वी टीमों के लिए खतरे की घंटी है।

Ashiti Joil

Ashiti Joil

यह प्रातःकाल में कंटेंट रायटर अँड एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। यह गए 3 सालों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इन्होंने लोकसत्ता, टाईम महाराष्ट्र, PR और हैट मीडिया में सोशल मीडिया कंटेंट रायटर के तौर पर काम किया है। इन्होंने मराठी साहित्य में मास्टर डिग्री पूर्ण कि है और अभी ये यूनिवर्सिटी के गरवारे इंस्टीट्यूड में PGDMM (Marthi Journalism) कर रही है। यह अब राजकरण, बिजनेस , टेक्नोलॉजी , मनोरंजन और क्रीड़ा इनके समाचार बनती हैं।

Next Story