बीजिंग: खेलों की दुनिया में भारत ने एक और बड़ा मुकाम हासिल किया है। चीन के बेइदाइहे में चल रही स्पीड स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 में भारत के 22 वर्षीय खिलाड़ी आनंदकुमार वेलकुमार ने 1000 मीटर स्प्रिंट रेस में गोल्ड मैडल जीतकर इतिहास रच दिया। यह भारत का इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पहला गोल्ड है।

आनंदकुमार ने इस रेस को 1.24.924 मिनट में पूरा किया और सभी प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया। उनका यह प्रदर्शन भारतीय खेल इतिहास में मील का पत्थर साबित हुआ है, क्योंकि इससे पहले भारत ने वर्ल्ड चैंपियनशिप के सीनियर वर्ग में कभी गोल्ड नहीं जीता था।

यह पहला मौका नहीं है जब आनंदकुमार ने अपनी तकनीकों से भारत का नाम ऊँचा किया हो। इस चैंपियनशिप के शुरुआती दिनों में ही उन्होंने 500 मीटर स्प्रिंट रेस में शानदार प्रदर्शन करते हुए 43.072 सेकंड का समय निकाला था और ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था। उस उपलब्धि के साथ उन्होंने भारत को उसका पहला सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप पदक दिलाया था।

क्रिकेट और बैडमिंटन जैसे लोकप्रिय खेलों में पहले ही अपनी पहचान बना चुका भारत अब उन खेलों में भी मजबूती से कदम बढ़ा रहा है जिन्हें चुनौतीपूर्ण और तेज़ गति वाला माना जाता है। आनंदकुमार की इस जीत से साफ है कि भारत अब स्पीड स्केटिंग जैसे खेलों में भी एक बड़ी ताकत बन सकता है।

आनंदकुमार वेलकुमार


भारत के लिए खुशी की बात सिर्फ सीनियर कैटेगरी तक सीमित नहीं रही। जूनियर वर्ग में युवा खिलाड़ी कृष शर्मा ने भी 1000 मीटर स्प्रिंट में गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया। इससे यह संदेश और मजबूत हुआ है कि आने वाले वर्षों में स्केटिंग में भारत का भविष्य बेहद उज्ज्वल है।

भारत की ऐतिहासिक जीत पर संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने भी अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा – "भारतीय खेलों के लिए गर्व का पल! आनंदकुमार वेलकुमार ने स्पीड स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 में 1000 मीटर स्प्रिंट में गोल्ड जीता।"

भारत की इस जीत ने न केवल देश के खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाया है बल्कि यह भी साबित किया है कि अब भारत पारंपरिक खेलों से आगे निकलकर नई स्पोर्ट्स कैटेगरीज में भी विश्व स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करवा रहा है।

Updated On
Manyaa Chaudhary

Manyaa Chaudhary

यह 'प्रातःकाल' में एसोसिएट एडिटर के पद पर हैं। और पिछले दो वर्षों से इन्हें रिपोर्टिंग और इवेंट मैनेजमेंट का अनुभव है। इससे पहले इन्होंने 'स्वदेश न्यूज़ चैनल' में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया है। ये विशेष रूप में मनोरंजन, स्पोर्ट्स, और क्राइम रिपोर्टिंग क्षेत्र में समर्थ हैं। अभी यह जर्नलिज्म की पढाई कर रही हैं।

Next Story