Asian Games 2026: भारत-अफगानिस्तान क्वार्टर फाइनल पर बारिश का साया, जानें मैच रद्द हुआ तो क्या होगा?जानें समीकरण
एशियन गेम्स के क्वार्टर-फाइनल में भारत-अफगानिस्तान मुकाबला बारिश से प्रभावित। मैच रद्द होने पर रैंकिंग के आधार पर फैसला।

जापान में एशियाई खेलों के अभ्यास सत्र के दौरान दौड़ लगाते हुए भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी|
एशियन गेम्स 2026 के क्वार्टर-फाइनल मुकाबले में भारतीय मेंस क्रिकेट टीम का सामना आज यानी 28 सितंबर को अफगानिस्तान से होना है| जापान के निशिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जाने वाले इस अहम मैच पर बारिश का बड़ा साया मंडरा रहा है, जिससे मुकाबला प्रभावित या पूरी तरह रद्द होने की पूरी आशंका जताई जा रही है| यदि लगातार हो रही बारिश के कारण यह क्वार्टर-फाइनल मुकाबला बिना किसी नतीजे के रद्द करना पड़ता है, तो भारतीय टीम सीधे सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर जाएगी|
एशियन गेम्स और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के नियमों के अनुसार, मैच रद्द होने की स्थिति में बेहतर टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग वाली टीम को विजेता घोषित कर अगले दौर में पहुंचा दिया जाता है| वर्तमान में भारतीय टीम आईसीसी टी20 रैंकिंग में नंबर-1 स्थान पर है, जबकि अफगानिस्तान 10वें स्थान पर काबिज है. गौरतलब है कि एशियन गेम्स 2022 के फाइनल में भी भारत और अफगानिस्तान के बीच मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था, जिसके बाद बेहतर रैंकिंग के आधार पर भारत को गोल्ड मेडल दिया गया था|
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, जापान के निशिन में पूरे दिन बादल छाए रहने और रुक-रुक कर तेज बारिश होने की संभावना है| मैच के दौरान बारिश की आशंका 35 से 60 प्रतिशत तक है, साथ ही पूरे दिन गरज के साथ तूफान आने की भी चेतावनी जारी की गई है| ऐसे में मैच का ओवर कम होने या पूरी तरह रद्द होने के पूरे आसार हैं| मौसम और चुनौतियों को लेकर भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने मैच से पहले स्पष्ट किया है कि टीम मौसम को लेकर कतई चिंतित नहीं है और हर परिस्थिति के लिए मानसिक रूप से पूरी तरह तैयार है| कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि हम एक पेशेवर खिलाड़ियों का समूह हैं और इस तरह की चुनौतियां आती-जाती रहती हैं, इसलिए स्थिति चाहे जैसी भी हो, हमें मानसिक रूप से मजबूत रहना होगा और हमारा मुख्य ध्यान मैदान पर उतरकर मैच खेलने पर है क्योंकि मौसम जैसी चीजें हमारे नियंत्रण से बाहर हैं|
उन्होंने आगे कहा कि एशियन गेम्स में किसी भी टीम को हल्के में नहीं लिया जा सकता है, क्योंकि अफगानिस्तान के अलावा जापान जैसी अन्य टीमों ने भी शानदार मुकाबला दिया है और जो टीम मैच के दिन मैदान पर बेहतर प्रदर्शन करेगी, वही जीत हासिल करेगी|

Lalita Rajput
इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।
