प्रतिका रावल ने पैर में चोट लगने के बावजूद टीम इंडिया का साथ नहीं छोड़ा। फाइनल में व्हीलचेयर पर बैठी प्रतिका जब ट्रॉफी जीतते ही खड़ी होकर जश्न में शामिल हुईं, तो पूरा स्टेडियम तालियों से गूंज उठा, यह पल इतिहास बन गया।

भारत ने वीमेंस वर्ल्ड कप 2025 जीतकर एक नया इतिहास रच दिया है। पूरी दुनिया में भारतीय महिला टीम की इस जीत की चर्चा हो रही है। यह जीत न सिर्फ क्रिकेट मैदान पर बल्कि हर भारतीय के दिल में गर्व का पल लेकर आई है। कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन किया और फाइनल में साउथ अफ्रीका को 52 रनों से हराकर पहली बार यह खिताब अपने नाम किया। इस जीत से पूरे देश में जश्न का माहौल है और खिलाड़ियों की मेहनत की खूब सराहना हो रही है।


भारत की ओपनिंग बल्लेबाज प्रतिका रावल पूरे टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में रहीं। ग्रुप स्टेज में उन्होंने धमाकेदार बल्लेबाजी की और भारत को टॉप 4 में पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई। लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ आखिरी लीग मैच से पहले उनके पैर में चोट लग गई, जिससे वे वर्ल्ड कप के बाकी मैच नहीं खेल सकीं। चोट के बावजूद प्रतिका टीम के साथ रहीं और फाइनल के दौरान ड्रेसिंग रूम में दिखीं। जब भारत ने फाइनल जीतकर ट्रॉफी उठाई, तो प्रतिका व्हीलचेयर से खड़ी होकर अपनी साथी खिलाड़ियों के साथ जश्न मनाया और भांगड़ा भी किया।


प्रतिका ने टूर्नामेंट में 7 में से 6 मैच खेले और 51.33 की औसत से 308 रन बनाए। वे वर्ल्ड कप में चौथी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बनीं। भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन स्मृति मंधाना ने बनाए, और दूसरे नंबर पर प्रतिका रहीं। यह उनके शानदार प्रदर्शन का प्रमाण है कि चोट के बाद भी वे टॉप स्कोरर में शामिल रहीं। प्रतिका के बाहर होने के बाद टीम मैनेजमेंट के सामने सबसे बड़ा सवाल था कि स्मृति मंधाना के साथ ओपनिंग कौन करेगा। इस स्थिति में शेफाली वर्मा को मौके दिया गया। शेफाली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में विशेष प्रदर्शन नहीं किया, लेकिन फाइनल मुकाबले में उन्होंने अपनी पारी से सबका दिल जीत लिया। उन्होंने 87 रनों की बेहतरीन बल्लेबाजी की और साथ ही गेंद से भी दो विकेट हासिल किए। भारत की इस ऐतिहासिक जीत में हर खिलाड़ी का योगदान अहम रहा। टीम की एकजुटता, मेहनत और आत्मविश्वास ने इस जीत को संभव बनाया। यह जीत भारतीय महिला क्रिकेट के लिए नया अध्याय शुरू करने वाली साबित होगी।


क्रिकेट के अलावा, प्रतिका एक बहुमुखी खिलाड़ी हैं। उन्होंने स्कूल स्तर पर बास्केटबॉल भी खेला और जनवरी 2019 में दिल्ली में आयोजित 64वें स्कूल नेशनल गेम्स में राजेंद्र नगर के बल भारती स्कूल की ओर से गोल्ड मेडल जीता। पढ़ाई में भी वे टॉप पर रहीं, 2019 में सीबीएसई कक्षा 12वीं में 92.5% अंक हासिल किए और दिल्ली विश्वविद्यालय के जीसस एंड मैरी कॉलेज से साइकोलॉजी में ग्रेजुएशन पूरा किया। उन्होंने अपनी उम्र-19 स्तर की क्रिकेट को एक साल के लिए छोड़कर बोर्ड एग्जाम पर फोकस किया और पब्लिक स्पीकिंग स्किल्स भी सुधारीं। उनकी घरेलू यात्रा 2021 में शुरू हुई, जब उन्होंने सीनियर विमेंस वन डे ट्रॉफी में दिल्ली की ओर से झारखंड के खिलाफ डेब्यू किया।


उसी सीजन में उन्होंने असम के खिलाफ 155 गेंदों में नाबाद 161 रनों की शानदार पारी खेली। 2022-23 सीजन में उन्होंने 14 मैचों में 552 रन बनाए, जिसमें 5 अर्धशतक शामिल थे। इसके बाद 2023-24 सीजन में उन्होंने 8 मैचों में 411 रन ठोके, जिसमें 2 शतक शामिल रहे और औसत 68.50 रहा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनका डेब्यू दिसंबर 2024 में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज से हुआ। पहले मैच में उन्होंने स्मृति मंधाना के साथ 110 रनों की साझेदारी करते हुए 40 रन बनाए, जो भारत की तीसरी सबसे बड़ी डेब्यू ओपनिंग पार्टनरशिप रही।


दूसरे वनडे में उन्होंने 76 रनों की पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 1 छक्का लगाया, साथ ही 2 विकेट भी हासिल किए। जनवरी 2025 में आयरलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में उन्होंने 154 रनों की लाजवाब पारी खेली, जो अब तक उनके करियर की सबसे यादगार पारी मानी जाती है। उन्होंने अपने पहले छह वनडे मुकाबलों में कुल 444 रन बनाए और यह रिकॉर्ड बनाया कि वनडे की शुरुआती छह पारियों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनीं, इस दौरान उन्होंने इंग्लैंड की पूर्व कप्तान चार्लोट एडवर्ड्स के 434 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

Updated On 3 Nov 2025 4:45 PM IST
Manyaa Chaudhary

Manyaa Chaudhary

यह 'प्रातःकाल' में एसोसिएट एडिटर के पद पर हैं। और पिछले दो वर्षों से इन्हें रिपोर्टिंग और इवेंट मैनेजमेंट का अनुभव है। इससे पहले इन्होंने 'स्वदेश न्यूज़ चैनल' में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया है। ये विशेष रूप में मनोरंजन, स्पोर्ट्स, और क्राइम रिपोर्टिंग क्षेत्र में समर्थ हैं। अभी यह जर्नलिज्म की पढाई कर रही हैं।

Next Story