दीप्ति का ऐतिहासिक पंजा, पाकिस्तान पर भारत की 64 रन से दमदार जीत
दीप्ति शर्मा के 5 विकेट और स्मृति मंधाना के अर्धशतक की बदौलत भारत ने पाकिस्तान को हराकर अपने टी20 विश्व कप अभियान की शानदार शुरुआत की।

महिला टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर मैच के दौरान पांच विकेट लेकर इतिहास रचने के बाद जश्न मनातीं भारतीय स्पिनर दीप्ति शर्मा।
महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने अभियान की शुरुआत शानदार अंदाज में करते हुए चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 64 रनों से पराजित कर दिया। बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेले गए ग्रुप-1 के मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 170 रन बनाए, जिसके जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत उम्मीद के अनुरूप नहीं रही। टीम ने शुरुआती ओवर में ही शेफाली वर्मा का विकेट गंवा दिया, जबकि जेमिमा रोड्रिग्स भी महज एक रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। शुरुआती झटकों के बाद स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पारी को संभालते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
स्मृति मंधाना ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 44 गेंदों पर 68 रन बनाए, जिसमें नौ चौके और दो छक्के शामिल रहे। हरमनप्रीत कौर के साथ उनकी 91 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी ने भारतीय पारी की नींव मजबूत की। मंधाना के आउट होने के बाद हरमनप्रीत ने भी उपयोगी योगदान दिया, जबकि अंतिम ओवरों में ऋचा घोष ने तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए 17 गेंदों में 34 रन बनाए। दीप्ति शर्मा 12 रन बनाकर नाबाद रहीं और भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 170/6 का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
171 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत संतुलित रही। सलामी बल्लेबाज मुनीबा अली और गुल फिरोजा ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई और पावरप्ले में पाकिस्तान ने 52/1 रन बनाए, जो भारत के खिलाफ महिला टी20 में उसका अब तक का सर्वश्रेष्ठ पावरप्ले स्कोर रहा।
हालांकि इसके बाद भारतीय स्पिन आक्रमण ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। दीप्ति शर्मा ने अपनी सटीक और प्रभावशाली गेंदबाजी से पाकिस्तान की बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त कर दिया। उन्होंने 10 रन देकर पांच विकेट हासिल किए, जो उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इस उपलब्धि के साथ दीप्ति महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज भी बन गईं। अब उनके नाम 145 मैचों में 166 विकेट दर्ज हो गए हैं, जिससे उन्होंने थाईलैंड की थिपचा पुत्थावोंग के 165 विकेटों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
पाकिस्तान की ओर से मुनीबा अली ने सर्वाधिक 41 रन बनाए, लेकिन उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों का सामना नहीं कर सका। भारतीय स्पिनरों ने पाकिस्तान के 10 में से नौ विकेट अपने नाम किए। श्री चरणी ने तीन विकेट हासिल किए, जबकि शेफाली वर्मा ने भी एक सफलता अर्जित की। एक विकेट रन आउट के रूप में गिरा।
इस जीत के साथ भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ महिला टी20 मुकाबलों में अपनी 14वीं जीत दर्ज की। साथ ही दोनों टीमों के बीच लगातार चौथी जीत हासिल कर अपने दबदबे को और मजबूत किया। महिला एशिया कप 2022 के बाद से पाकिस्तान भारत के खिलाफ जीत दर्ज नहीं कर पाया है।
महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारत की यह जीत न केवल अभियान की शानदार शुरुआत साबित हुई, बल्कि दीप्ति शर्मा के ऐतिहासिक रिकॉर्ड और टीम के संतुलित प्रदर्शन ने आगामी मुकाबलों के लिए भी मजबूत संदेश दिया। भारतीय टीम अब 17 जून को अपने अगले मुकाबले में नीदरलैंड का सामना करेगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
