भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने चेल्मसफोर्ड में खेले गए टी20 मुकाबले में इंग्लैंड को 38 रन से हराकर बड़ा उलटफेर किया। यास्तिका भाटिया और जेमिमा रोड्रिग्स की विस्फोटक बल्लेबाजी के बाद डेब्यू कर रहीं नंदिनी शर्मा की धारदार गेंदबाजी ने इंग्लैंड को घुटनों पर ला दिया। इंग्लैंड की टीम 189 रन के लक्ष्य के जवाब में 20 ओवर में आठ विकेट पर 150 रन ही बना सकी। चेल्मसफोर्ड मैदान पर इंग्लैंड की यह सिर्फ तीसरी टी20 हार रही।

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तानी कर रहीं स्मृति मंधाना बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं, जबकि शेफाली वर्मा सिर्फ दो रन बना सकीं। दोनों विकेट लॉरेन बेल ने झटके। शुरुआती झटकों के बाद यास्तिका भाटिया और जेमिमा रोड्रिग्स ने भारतीय पारी को संभाला और इंग्लैंड के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।

यास्तिका भाटिया ने 40 गेंदों पर नौ चौके और एक छक्के की मदद से 54 रन बनाए। वहीं जेमिमा रोड्रिग्स ने 40 गेंदों पर 10 चौके और एक छक्का जड़ते हुए 69 रन की शानदार पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 126 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई, जिसने भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

14वें ओवर की चौथी गेंद पर यास्तिका भाटिया आउट हुईं, जबकि उसी ओवर की आखिरी गेंद पर जेमिमा रोड्रिग्स भी पवेलियन लौट गईं। इसके बाद ऋचा घोष चार रन और भारती फूलमाली सात रन ही बना सकीं। अंतिम ओवरों में दीप्ति शर्मा ने 13 गेंदों पर नाबाद 22 रन की तेज पारी खेली, जिसमें चार चौके शामिल रहे। अरुंधति रेड्डी नौ रन बनाकर आउट हुईं। भारत ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 188 रन बनाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम को क्रांति गौड़ ने शुरुआती झटके देकर दबाव में ला दिया। दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर उन्होंने सोफी डंकली को आउट किया, जिन्होंने 10 गेंदों पर 16 रन बनाए। चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर एलिसे कैप्सी भी छह रन बनाकर क्रांति का शिकार बनीं।

इसके बाद हीथर नाइट और एमी जोंस ने इंग्लैंड की पारी संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच अहम साझेदारी हुई, लेकिन 101 रन के कुल स्कोर पर श्री चरणी ने हीथर नाइट को आउट कर इंग्लैंड को तीसरा झटका दिया। नाइट ने 24 गेंदों पर 21 रन बनाए।

एमी जोंस लगातार आक्रामक बल्लेबाजी कर भारत के लिए खतरा बनती जा रही थीं, लेकिन 16वें ओवर की पांचवीं गेंद पर डेब्यूटंट नंदिनी शर्मा ने उन्हें आउट कर मैच का रुख बदल दिया। इसके बाद नंदिनी ने डानी गिब्सन को 11 रन और इसी वोंग को चार रन पर आउट कर इंग्लैंड की उम्मीदें खत्म कर दीं। सोफी एक्लेस्टन 13 रन बनाकर रन आउट हुईं, जबकि कप्तान चार्ली डीन 11 और लॉरेन बेल एक रन बनाकर नाबाद रहीं।

भारत की ओर से नंदिनी शर्मा ने अपने डेब्यू मैच में चार ओवर में 34 रन देकर तीन विकेट झटके और जीत की सबसे बड़ी नायिका बनकर उभरीं। क्रांति गौड़ ने दो विकेट हासिल किए, जबकि श्री चरणी और दीप्ति शर्मा को एक-एक सफलता मिली। यास्तिका भाटिया, जेमिमा रोड्रिग्स और नंदिनी शर्मा के दमदार प्रदर्शन ने भारत को इंग्लैंड पर यादगार जीत दिला दी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story