भारतीय महिला क्रिकेट टीम की धाकड़ बल्लेबाज हरलीन देओल अब वेस्टइंडीज में खेली जा रही महिला कैरेबियन प्रीमियर लीग (WCPL) 2026 के मौजूदा सीजन में खेलते हुए नजर आएंगी। हरलीन ने सीजन के बाकी बचे मुकाबलों के लिए बारबाडोस ट्राइडेंट्स के साथ करार किया है। बारबाडोस ट्राइडेंट्स फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर हरलीन देओल की तस्वीर पोस्ट करते हुए उनके टीम से जुड़ने का आधिकारिक ऐलान किया।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कुछ खिलाड़ी फिलहाल टीम इंडिया के स्क्वाड से बाहर चल रही हैं और वेस्टइंडीज में जारी महिला कैरेबियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सीजन में हिस्सा ले रही हैं। इसी कड़ी में अब हरलीन देओल का नाम भी जुड़ गया है। उन्हें दुबई में खेले जा रहे महिला टी20 एशिया कप के लिए टीम इंडिया के स्क्वाड में जगह नहीं मिली थी। वहीं, वह भारतीय महिला ए टीम का भी हिस्सा नहीं हैं।

हरलीन देओल मौजूदा समय में टीम इंडिया के किसी भी स्क्वाड में शामिल नहीं हैं। ऐसे में वह WCPL 2026 सीजन के आखिर तक बारबाडोस ट्राइडेंट्स के लिए उपलब्ध रहेंगी। इसके साथ ही वह इस सीजन WCPL का हिस्सा बनने वाली 5वीं भारतीय खिलाड़ी हैं।

किरण नवगिरे और पूजा वस्त्राकर भी इस सीजन बारबाडोस ट्राइडेंट्स का हिस्सा हैं। वहीं, शिखा पांडे और यास्तिका भाटिया ट्रिनबागो नाइट राइडर्स की तरफ से खेल रही हैं। बारबाडोस ट्राइडेंट्स ने अब तक इस सीजन में एक मुकाबला खेला है, जिसमें उसे ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के खिलाफ 21 रनों से हार का सामना करना पड़ा। अब टीम को अपना दूसरा मुकाबला 13 सितंबर को जमैका एम्प्रेस के खिलाफ खेलना है।

हरलीन देओल के टी20 इंटरनेशनल करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक कुल 28 मुकाबले खेले हैं। इनमें 20 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 311 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 92.01 रहा है। उन्होंने अपना पिछला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला इस साल की शुरुआत में मार्च महीने में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था।

विमेंस प्रीमियर लीग में भी हरलीन देओल बल्ले से प्रदर्शन कर चुकी हैं। उन्होंने WPL में 28 मैचों में खेलते हुए 28.21 के औसत से 649 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से तीन अर्धशतकीय पारियां भी देखने को मिली हैं। अब WCPL 2026 के बाकी मुकाबलों में बारबाडोस ट्राइडेंट्स के लिए उनकी उपलब्धता टीम के अभियान में एक अहम जुड़ाव है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story