अंडर-19 से लेकर 2026 टी20 विश्व कप तक फिने एलन के करियर की उपलब्धियां और उनके आक्रामक बल्लेबाजी रिकॉर्ड्स का विवरण।

आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के दौरान अपनी उपलब्धियों के लिए पदक के साथ पोज देते न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज फिने एलन।
आधुनिक टी20 क्रिकेट में जब भी सबसे खतरनाक ओपनर्स की चर्चा होती है, तो फिन एलन का नाम तेजी से उभरता है। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और पहले ही ओवर से गेंदबाजों पर हमला करने की क्षमता ने उन्हें विश्व क्रिकेट का चर्चित चेहरा बना दिया है। 2026 टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ महज 33 गेंदों में नाबाद शतक जड़कर उन्होंने यह साबित कर दिया कि वे सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि मैच का रुख पलटने वाली ताकत हैं।
22 अप्रैल 1999 को ऑकलैंड में जन्मे एलन का क्रिकेट सफर बेहद कम उम्र में शुरू हुआ। अंडर-19 स्तर पर ही उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय दे दिया था। 2018 अंडर-19 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 115 रनों की पारी खेलकर उन्होंने टूर्नामेंट का पहला शतक जमाया और कुल 338 रन बनाकर न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। यही वह मंच था, जहां से उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की नींव पड़ी।
घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन ने उन्हें पहचान दिलाई। 2020-21 सीजन में वेलिंगटन के लिए खेलते हुए उन्होंने सुपर स्मैश टूर्नामेंट में 512 रन बनाए और अपनी टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनका स्ट्राइक रेट 194 के करीब रहा, जो उनके आक्रामक अंदाज का प्रमाण था। इसी प्रदर्शन के चलते आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने उन्हें मौका दिया, हालांकि शुरुआती दौर में उन्हें ज्यादा खेलने का अवसर नहीं मिला।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका आगमन 2021 में हुआ, जब उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ टी20 डेब्यू किया। अपने तीसरे ही मैच में 29 गेंदों पर 71 रन की विस्फोटक पारी खेलकर उन्होंने चयनकर्ताओं का भरोसा जीत लिया। इसके बाद 2022 में आयरलैंड के खिलाफ वनडे डेब्यू और स्कॉटलैंड के खिलाफ पहला टी20 शतक उनके करियर के महत्वपूर्ण पड़ाव बने। 2024 में पाकिस्तान के खिलाफ 62 गेंदों में 137 रन बनाकर उन्होंने ब्रेंडन मैकुलम का रिकॉर्ड तोड़ा और 16 छक्कों के साथ टी20 इतिहास में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्कों के संयुक्त रिकॉर्ड की बराबरी की।
फ्रेंचाइज़ क्रिकेट में भी एलन का दबदबा लगातार बढ़ता गया। बिग बैश लीग में पर्थ स्कॉर्चर्स के लिए खेलते हुए उन्होंने 466 रन बनाकर टीम को खिताब दिलाया और एक सीजन में 37 छक्के लगाने का नया रिकॉर्ड बनाया। 2025 में मेजर लीग क्रिकेट में 52 गेंदों पर 151 रन की ऐतिहासिक पारी खेलकर उन्होंने लीग का सबसे बड़ा स्कोर, सबसे तेज शतक और एक पारी में 19 छक्कों का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया। इसी दौरान आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 2 करोड़ रुपये में खरीदा, जो बाद में एक शानदार सौदा साबित हुआ।
2026 टी20 वर्ल्ड कप में एलन ने 9 मैचों में 298 रन बनाकर न्यूजीलैंड को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। टिम सिफर्ट के साथ उनकी 175 रन की रिकॉर्ड साझेदारी और पूरे टूर्नामेंट में 70 से अधिक की औसत ने उन्हें ‘बैश ब्रदर्स’ की पहचान दिलाई। हालांकि न्यूजीलैंड फाइनल में भारत से हार गया, लेकिन एलन की विस्फोटक बल्लेबाजी ने उन्हें विश्व क्रिकेट के सबसे खतरनाक ओपनर्स में शामिल कर दिया।

