दीप्ति शर्मा ने वर्ल्ड कप फाइनल में पांच विकेट झटके और बल्ले से भी पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। 200 रन और 15 विकेट के साथ उन्होंने नया इतिहास रचा, जिससे भारत ने पहली बार महिला विश्व कप अपने नाम किया।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वूमेंस वर्ल्ड कप 2025 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। यह पहली बार है जब भारत ने किसी आईसीसी महिला टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में भारत ने साउथ अफ्रीका को 53 रनों से हराया। इस जीत में हर खिलाड़ी का योगदान अहम रहा, लेकिन ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा का प्रदर्शन सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। दीप्ति ने फाइनल में शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट हासिल किए और विपक्षी टीम की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। उनके इस प्रदर्शन ने मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया।


दीप्ति शर्मा ने टूर्नामेंट के दौरान मिडल ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हुए कई बार टीम को संकट से बाहर निकाला। उन्होंने फाइनल सहित तीन मौकों पर पचास से अधिक रन की पारियां खेलीं। खास बात यह रही कि उन्होंने यह प्रदर्शन बल्लेबाजी क्रम में नंबर पांच या उससे नीचे खेलते हुए किया। वर्ल्ड कप के इतिहास में ऐसा करने वाली वह तीसरी खिलाड़ी बनी हैं। उनसे पहले यह कारनामा भारत की हरमनप्रीत कौर ने 2022 में और ऑस्ट्रेलिया की एश्ले गार्डनर ने 2025 में किया था।


दीप्ति शर्मा को उनके शानदार खेल के लिए "प्लेयर ऑफ द मैच" और "प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट" दोनों पुरस्कार मिले। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से कमाल का प्रदर्शन किया। सात मैचों में उन्होंने 200 से ज्यादा रन बनाए और 15 विकेट भी लिए। महिला वर्ल्ड कप के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि किसी खिलाड़ी ने एक ही टूर्नामेंट में 200 से ज्यादा रन और 15 से ज्यादा विकेट लिए हों। इससे पहले किसी ने यह कारनामा नहीं किया था। अब दीप्ति का नाम इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो गया है।


फाइनल मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी की और 50 ओवर में 267 रन बनाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 74 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि शेफाली वर्मा ने 87 रन ठोके। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से शबनीम इस्माइल सबसे अच्छी गेंदबाज रहीं, जिन्होंने 3 विकेट लिए।लक्ष्य का पीछा करने आई दक्षिण अफ्रीकी टीम शुरू से ही दबाव में दिखी। दीप्ति शर्मा ने अपने पहले स्पेल में ही दो अहम विकेट लेकर मैच भारत की मुट्ठी में कर दिया। बाद में उन्होंने मध्यक्रम को भी तहस-नहस कर दिया और कुल 5 विकेट हासिल किए। दीप्ति शर्मा ने साल 2014 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था। तब से वह भारतीय टीम का अहम हिस्सा बनी हुई हैं। अब तक उन्होंने 121 वनडे मैचों की 103 पारियों में 2739 रन बनाए हैं, जिसमें 18 अर्धशतक और 1 शतक शामिल है। गेंदबाजी में भी उन्होंने 157 विकेट लिए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6 विकेट पर 20 रन रहा है। उनकी निरंतरता और मेहनत ने उन्हें भारत की सबसे भरोसेमंद ऑलराउंडर खिलाड़ियों में शामिल किया है।


Updated On 3 Nov 2025 7:09 PM IST
Manyaa Chaudhary

Manyaa Chaudhary

यह 'प्रातःकाल' में एसोसिएट एडिटर के पद पर हैं। और पिछले दो वर्षों से इन्हें रिपोर्टिंग और इवेंट मैनेजमेंट का अनुभव है। इससे पहले इन्होंने 'स्वदेश न्यूज़ चैनल' में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया है। ये विशेष रूप में मनोरंजन, स्पोर्ट्स, और क्राइम रिपोर्टिंग क्षेत्र में समर्थ हैं। अभी यह जर्नलिज्म की पढाई कर रही हैं।

Next Story