लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड पर भारत की 270 रन की ऐतिहासिक जीत के बाद दीप्ति शर्मा के माता-पिता ने गर्व जताया और एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक की उम्मीद व्यक्त की।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने लॉर्ड्स में खेले गए ऐतिहासिक टेस्ट में मेजबान इंग्लैंड को 270 रन के बड़े अंतर से हराकर यादगार जीत दर्ज की। इस शानदार सफलता में अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दिया। टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत के बाद दीप्ति शर्मा के माता-पिता भगवान शर्मा और सुशीला शर्मा ने इसे भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व का पल बताया और कप्तान हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए आगामी एशियन गेम्स में भी टीम की सफलता की कामना की।

आईएएनएस से बातचीत में दीप्ति शर्मा के पिता भगवान शर्मा ने कहा, "लड़कियों का यह पहला टेस्ट मैच था और हमारी टीम ने इंग्लैंड को 270 रनों के बड़े अंतर से हराया। सभी लड़कियों ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया, इसीलिए वे जीतीं। यह बहुत गर्व की बात है।"

उन्होंने कहा, "मैंने टीवी पर देखा कि सचिन तेंदुलकर भी मैदान पर मौजूद थे। उन्होंने भी लड़कियों को बधाई दी और उनसे हाथ मिलाया। मैं दीप्ति से यही कहना चाहूंगा कि उसने पहली पारी में 1 विकेट और दूसरी पारी में 2 विकेट लिए। यह बहुत अच्छा प्रदर्शन है। ऐसा ही प्रदर्शन जारी रखे।"

दीप्ति शर्मा ने इस मुकाबले की पहली पारी में 57 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली और भारत के स्कोर को 285 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। गेंदबाजी में भी उन्होंने पहली पारी में 1 विकेट और दूसरी पारी में 2 विकेट लेकर टीम की जीत में उल्लेखनीय योगदान दिया।

सितंबर में जापान में होने वाले एशियाई खेलों को लेकर भगवान शर्मा ने भारतीय महिला टीम से अपनी इस ऐतिहासिक सफलता को आगे बढ़ाने और एक और बड़ा खिताब जीतने की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा, "अगला एशियाई खेल सितंबर में जापान में है। उसे वहां भी अच्छा प्रदर्शन करना है। पूरी टीम को अच्छा प्रदर्शन करना है और स्वर्ण पदक जीतना है।"

दीप्ति शर्मा की मां सुशीला शर्मा ने भी आईएएनएस से अपनी खुशी साझा करते हुए कहा, "मेरी खुशी का कोई ठिकाना नहीं था। पहले मुझे इस खेल के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी। जब उसका भाई खेलने जाता था, तो मैं कहती थी, 'तुम स्कूल क्यों नहीं गए?' लेकिन जब से दीप्ति ने खेलना शुरू किया है, मुझे खेल समझ आने लगा है। मैं मैच देखती हूं। घर का काम छोड़कर मैच देखती हूं।"

उन्होंने भी आगामी एशियाई खेलों के लिए भारतीय महिला टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा, "अगला एशियाई खेल सितंबर में जापान में है। उसे वहां भी अच्छा प्रदर्शन करना है। पूरी टीम को अच्छा प्रदर्शन करना है और स्वर्ण पदक जीतना है।" भारतीय महिला टीम की लॉर्ड्स में मिली यह बड़ी जीत न केवल ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज हुई, बल्कि आगामी एशियाई खेलों से पहले टीम का मनोबल भी मजबूत करने वाली साबित हुई।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story