हैंडशेक विवाद पर भारतीय टीम के साथ खड़ा BCCI, पाकिस्तान को दिया करारा जवाब
एशिया कप 2025 में पाकिस्तान पर सात विकेट की जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने हैंडशेक नहीं किया। BCCI ने कहा यह परंपरा है, नियम नहीं; जबकि पीसीबी ने दर्ज कराई शिकायत।

दुबई: एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मैच के बाद अब ‘हैंडशेक विवाद’ सुर्खियों में है। भारत ने यह मैच सात विकेट से जीता, लेकिन इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान टीम से हाथ नहीं मिलाया। यहां तक कि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी पाकिस्तान कप्तान सलमान अली आगा से अभिवादन नहीं किया। इस घटना के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने नाराजगी जताई और एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) में शिकायत दर्ज कराई।
बीसीसीआई ने इस विवाद पर अपनी स्थिति साफ कर दी है। बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हाथ मिलाना केवल एक परंपरा है, कोई नियम नहीं। उन्होंने कहा, “अगर आप नियमों की किताब देखेंगे तो हाथ मिलाने का कोई उल्लेख नहीं है। यह सिर्फ खेल भावना के तहत एक गुडविल जेस्चर है।” अधिकारी ने यह भी कहा कि जब दोनों देशों के रिश्ते तनावपूर्ण हों तो भारतीय टीम किसी भी तरह बाध्य नहीं है कि वह पाकिस्तान खिलाड़ियों से हाथ मिलाए।
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी इस फैसले का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि टीम ने जीत सशस्त्र बलों को समर्पित की है और हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उनके इस बयान के बाद साफ हो गया कि भारतीय टीम का रुख नीतिगत है और आने वाले मैचों में भी यही स्टैंड कायम रह सकता है।
दूसरी तरफ, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इस मामले में और आक्रामक हो गया है। पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्होंने मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट के खिलाफ आईसीसी में शिकायत दर्ज कराई है। पीसीबी का आरोप है कि रेफरी ने आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट और एमसीसी के नियमों का उल्लंघन किया है। बोर्ड ने उनकी एशिया कप से तुरंत हटाने की भी मांग की है।
खबरें हैं कि अगर भारत 28 सितंबर को फाइनल में पहुंचता है, तो खिलाड़ी एसीसी प्रमुख मोहसिन नकवी के साथ मंच साझा नहीं करेंगे। दोनों टीमों ने टॉस और वॉर्मअप के दौरान भी एक-दूसरे से बातचीत नहीं की थी। माना जा रहा है कि भारतीय टीम का यह कदम पाकिस्तान को एक राजनीतिक और खेल संबंधी संदेश देने के लिए उठाया गया है।
इस विवाद ने भारत-पाकिस्तान मैच के बाद का माहौल और तनावपूर्ण बना दिया है। अब देखना यह होगा कि एसीसी और आईसीसी इस शिकायत पर आगे क्या फैसला लेते हैं।

Manyaa Chaudhary
यह 'प्रातःकाल' में एसोसिएट एडिटर के पद पर हैं। और पिछले दो वर्षों से इन्हें रिपोर्टिंग और इवेंट मैनेजमेंट का अनुभव है। इससे पहले इन्होंने 'स्वदेश न्यूज़ चैनल' में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया है। ये विशेष रूप में मनोरंजन, स्पोर्ट्स, और क्राइम रिपोर्टिंग क्षेत्र में समर्थ हैं। अभी यह जर्नलिज्म की पढाई कर रही हैं।
