राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अर्जुन पुरस्कार 2025 के तहत विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। कबड्डी, हॉकी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, शतरंज, शूटिंग और अन्य खेलों में देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। सम्मानित खिलाड़ियों में कबड्डी की पूजा और सुरजीत के साथ हॉकी खिलाड़ी लालरेमसियामी और राजकुमार पाल भी शामिल हैं।

राष्ट्रपति भवन की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की गई जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कबड्डी में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए पूजा को अर्जुन पुरस्कार 2025 प्रदान किया। पूजा ने हांगझोऊ एशियाई खेलों और छठी एशियाई कबड्डी चैंपियनशिप में पदक जीते हैं।

कबड्डी खिलाड़ी सुरजीत को भी उनके शानदार प्रदर्शन के लिए अर्जुन पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया। उन्होंने हांगझोऊ एशियाई खेलों और बुसान एशियाई कबड्डी चैंपियनशिप में पदक हासिल किए हैं। राष्ट्रपति के आधिकारिक एक्स हैंडल पर बताया गया कि सुरजीत ने कबड्डी में अपनी उपलब्धियों से देश का गौरव बढ़ाया है।

हॉकी के क्षेत्र में लालरेमसियामी को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के पदक विजेता प्रदर्शन में महत्वपूर्ण योगदान के लिए अर्जुन पुरस्कार प्रदान किया गया। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों, एशियाई खेलों और एशियन चैंपियंस ट्रॉफी सहित प्रमुख अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में भारत की पदक जीत में योगदान दिया है।

हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल को भी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए अर्जुन पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया। उन्होंने पेरिस ओलंपिक और हुलुनबुइर एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में पदक जीते हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।

राष्ट्रीय खेल पुरस्कार प्रत्येक वर्ष खेलों में उत्कृष्टता को पहचानने और खिलाड़ियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से दिए जाते हैं। भारत के सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर केंद्र सरकार ने विभिन्न श्रेणियों में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और संस्थाओं को पुरस्कार प्रदान करने का निर्णय लिया है।

खेल एवं क्रीड़ा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया जाने वाला अर्जुन पुरस्कार पिछले चार वर्षों के दौरान लगातार अच्छे प्रदर्शन के साथ नेतृत्व क्षमता, खेल भावना और अनुशासन की भावना प्रदर्शित करने वाले खिलाड़ियों को प्रदान किया जाता है।

अर्जुन पुरस्कार 2025 से सम्मानित खिलाड़ियों में एथलेटिक्स से तेजस्विन शंकर, मुहम्मद अजमल वारियाथोडी और प्रियंका गोस्वामी शामिल हैं। बैडमिंटन में ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद, बॉक्सिंग में नरेंद्र, शतरंज में विदित संतोष गुजराती और दिव्या जितेंद्र देशमुख को सम्मानित किया गया है।

इसके अलावा डेफ शूटिंग में धनुष श्रीकांत, हॉकी में लालरेमसियामी और राजकुमार पाल, कबड्डी में सुरजीत और पूजा, पैरा शूटिंग में रुद्रांश खंडेलवाल और एकता भयान, रोइंग में अरविंद सिंह तथा शूटिंग में अखिल श्योराण को अर्जुन पुरस्कार प्रदान किया गया है।

वहीं, खेल एवं क्रीड़ा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) 2025 उन खिलाड़ियों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने प्रदर्शन से खेलों में योगदान दिया है और सक्रिय खेल करियर से संन्यास लेने के बाद भी खेलों को बढ़ावा देने में लगातार भूमिका निभाई है।

पूर्व भारतीय फुटबॉल खिलाड़ी और कोच अरुमैनायगम को फुटबॉल के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) से सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के माध्यम से खिलाड़ियों की उपलब्धियों के साथ खेलों के विकास और प्रोत्साहन में उनके योगदान को भी मान्यता दी गई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story