सिरोही। प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत अभियान के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए जिला स्तर पर प्रयासों को और अधिक तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में गुरुवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें जिले में संचालित '100 डे कैंपेन' की प्रगति की गहन पड़ताल की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खराड़ी ने जिले के विभिन्न ब्लॉकों में चल रहे अभियान की विस्तारपूर्वक समीक्षा की और उपस्थित अधिकारियों को फील्ड स्तर पर सक्रियता बढ़ाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

अभियान की प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के लिए डॉ. दिनेश खराड़ी ने सभी सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर (एसटीएस) से ब्लॉकवार प्रगति रिपोर्ट प्राप्त की। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करना अनिवार्य है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। डॉ. खराड़ी ने इस बात पर विशेष बल दिया कि टीबी मुक्त भारत अभियान की सफलता पूरी तरह से फील्ड स्तर पर किए जा रहे कार्यों की सक्रियता और विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय पर टिकी है।

समीक्षा के दौरान डॉ. एस.पी. शर्मा ने 100 डे कैंपेन के तहत अधिकतम लक्ष्य हासिल करने पर जोर देते हुए समस्त कार्मिकों को पूरी गंभीरता और निष्ठा के साथ कार्य करने हेतु निर्देशित किया। बैठक में तकनीकी पक्ष रखते हुए डॉ. बजरंग लाल रेवाड़ ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रत्येक ब्लॉक की वर्तमान स्थिति और प्रगति रिपोर्ट साझा की, जिससे अभियान की वास्तविक चुनौतियों और उपलब्धियों का विश्लेषण किया गया। डॉ. विनय बंसल ने भी संबोधित करते हुए कहा कि अभियान को निर्णायक सफलता तक ले जाने के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एक टीम की भांति आपसी तालमेल के साथ कार्य करना होगा।

इस उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में डीपीसी सत्यभान सिंह देवड़ा, पीपीएम दिलीप कुमार, एसटीएस सज्जन सिंह, वीरेंद्र सिंह, दीपक कुमार, रघुवीर सिंह सहित एसटीएलएस विनोद कुमार, निर्माल्या बनर्जी, गौतम वैष्णव एवं अन्य स्वास्थ्य कार्मिक उपस्थित रहे। यह बैठक जिले में टीबी उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिसका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं की अंतिम छोर तक पहुंच सुनिश्चित कर सिरोही को टीबी मुक्त बनाना है।

Dineshkumar Bohra, Sirohi

Dineshkumar Bohra, Sirohi

नाम: दिनेश बोहरा

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सिरोही जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, शिक्षा और प्रशासनिक खबरें

परिचय एवं अनुभव

दिनेश बोहरा सिरोही जिले से एक सक्रिय रिपोर्टर हैं। वह वर्तमान में 'फर्स्ट इंडिया न्यूज' में रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं और वहां सभी प्रकार की खबरों को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उनका अनुभव निम्नलिखित है:

  • फर्स्ट इंडिया न्यूज: वर्ष 2013 से लगातार इस संस्थान से जुड़े हुए हैं और रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
  • प्रातःकाल: पिछले कुछ समय से वह 'प्रातःकाल' समाचार पत्र और मीडिया प्लेटफॉर्म के साथ भी जुड़कर कार्य कर रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

दिनेश बोहरा शैक्षणिक रूप से परास्नातक हैं। उनकी योग्यता निम्नलिखित है:

  • कला स्नातक (B.A.)
  • कला स्नातकोत्तर (M.A.)

Next Story