संतोष ट्रॉफी राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में सिरोही जिले के लिए गर्व का क्षण उस समय आया, जब राजस्थान फुटबॉल टीम की कमान सिरोही के प्रतिभाशाली खिलाड़ी मुकेश कुमार चौधरी को सौंपी गई। सिरोही जिला फुटबॉल संघ के सचिव एवं राजस्थान फुटबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मांगीलाल काबरा ने इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया कि मुकेश चौधरी का कप्तान बनाया जाना न केवल जिले बल्कि पूरे राजस्थान के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय है।

कप्तान के रूप में मुकेश चौधरी के नेतृत्व में राजस्थान टीम ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले ही मैच में दमन-दीव की टीम को 6-0 गोल से करारी शिकस्त दी। इस मुकाबले में मुकेश चौधरी द्वारा लगाए गए रिवर्स किक साइकिल किक गोल ने दर्शकों और फुटबॉल विशेषज्ञों को रोमांचित कर दिया। माना जा रहा है कि राजस्थान फुटबॉल टीम के इतिहास में इस तरह का गोल पहले कभी किसी खिलाड़ी द्वारा नहीं किया गया।

दूसरे मुकाबले में राजस्थान की टीम 1-1 गोल से ड्रॉ पर रही, जबकि तीसरे मैच में टीम ने महाराष्ट्र को 3-0 गोल से पराजित कर अगले दौर में अपना स्थान पक्का किया। इस प्रकार मुकेश चौधरी की कप्तानी में राजस्थान टीम एक भी मैच नहीं हारी और अपराजेय रहते हुए प्रतियोगिता के अगले चरण में प्रवेश करने में सफल रही।

इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर सिरोही जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष भावेश चौधरी, उपाध्यक्ष विकास सेठ, कोषाध्यक्ष ज्योतिष जॉनवाल, जिला खेलकूद अधिकारी अमित शर्मा सहित अन्य खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने मुकेश चौधरी एवं पूरी राजस्थान टीम को बधाई दी और आगामी दौर के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। संतोष ट्रॉफी में राजस्थान का यह प्रदर्शन न केवल राज्य के फुटबॉल स्तर को नई पहचान दे रहा है, बल्कि सिरोही जिले के उभरते खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनकर सामने आया है।

Sunil Acharya, Mount Abu

Sunil Acharya, Mount Abu

सुनिल आचार्य माउंट आबू से जुड़े प्रमुख रिपोर्टर हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय और सटीक कवरेज के लिए जाने जाते हैं। उनकी पत्रकारिता में तथ्यपरक रिपोर्टिंग और घटनाओं की गहन समीक्षा का विशेष योगदान है। सुनिल आचार्य हर खबर को निष्पक्ष दृष्टिकोण से प्रस्तुत करते हैं और पाठकों तक सही जानकारी पहुँचाने का पूरा प्रयास करते हैं। उनका लेखन शैली सरल, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को समाचार के हर पहलू से अवगत कराता है।

Next Story