सिरोही जिले के मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार जयपुर स्थित पोस्ट ऑफिस मुख्यालय की मेल आईडी पर एक धमकी भरा ई-मेल भेजा गया, जिसमें प्रदेश के कुछ डाकघरों को बम से उड़ाने की बात कही गई। ई-मेल की सूचना मिलते ही पूरे प्रदेश में एहतियात के तौर पर डाकघरों, खासकर पासपोर्ट सेवा केंद्र संचालित डाकघरों की सुरक्षा बढ़ा दी गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सुरक्षा इंतजाम

सिरोही में भी इस सूचना के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई। शहर के मुख्य पोस्ट ऑफिस के बाहर पुलिस का भारी जाप्ता तैनात कर दिया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए एहतियातन डाकघर को अस्थायी रूप से बंद करवा दिया गया। वहीं जोधपुर से बम निरोधक दस्ता सिरोही के लिए रवाना किया गया है, जिसके पहुंचने के बाद पूरे परिसर की सघन जांच की जाएगी।

इलाके में निगरानी और सतर्कता

धमकी के बाद पुलिस ने पोस्ट ऑफिस और आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और आम लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की गई है। डाकघर के आसपास अनावश्यक भीड़ जमा न होने देने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।

पुलिस अधिकारी का बयान और जांच की स्थिति

एएसपी किशोरसिंह चौहान ने बताया कि "जयपुर स्थित पोस्ट ऑफिस मुख्यालय की मेल आईडी पर धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सिरोही के पोस्ट ऑफिस परिसर को खाली करवा कर अस्थायी रूप से बंद किया गया है। जोधपुर से बम निरोधक दस्ता बुलाया गया है और टीम द्वारा पूरे परिसर की जांच की जाएगी।" उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस पूरी तरह सतर्क है। साथ ही ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए साइबर टीम भी जांच में जुटी हुई है।

Sunil Acharya, Mount Abu

Sunil Acharya, Mount Abu

सुनिल आचार्य माउंट आबू से जुड़े प्रमुख रिपोर्टर हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय और सटीक कवरेज के लिए जाने जाते हैं। उनकी पत्रकारिता में तथ्यपरक रिपोर्टिंग और घटनाओं की गहन समीक्षा का विशेष योगदान है। सुनिल आचार्य हर खबर को निष्पक्ष दृष्टिकोण से प्रस्तुत करते हैं और पाठकों तक सही जानकारी पहुँचाने का पूरा प्रयास करते हैं। उनका लेखन शैली सरल, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को समाचार के हर पहलू से अवगत कराता है।

Next Story