सिरोही में नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने संभाला पदभार, संगठित अपराधों और तस्करी पर सख्ती का संकेत
नए एसपी ने संगठित अपराध और शराब-डोडा तस्करी पर सख्त कार्रवाई की प्राथमिकताएं बताईं

सिरोही जिले में सोमवार को नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने औपचारिक रूप से एसपी कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।
एसपी कार्यालय में स्वागत के लिए एएसपी किशोर सिंह, एएसपी जसाराम, डिप्टी पुष्पेंद्र वर्मा, डिप्टी मुकेश चौधरी, कोतवाल कैलाशदान और एसएचओ अमराम मौजूद रहे। पदभार ग्रहण करने के बाद एसपी राठौड़ ने मीडिया से बातचीत में जिले में अपनी प्राथमिकताओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठित अपराधों पर नकेल कसना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
एसपी राठौड़ ने शराब और डोडा तस्करी पर कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए और बताया कि पुलिस का मुखबिर तंत्र मजबूत किया जाएगा, ताकि अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि लंबे समय से एक ही सर्किल या थानों में कार्यरत पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी। कई वर्षों से एक ही स्थान पर तैनात कांस्टेबल, हेड कांस्टेबल और एएसआई का तबादला किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने रेवदर क्षेत्र में हाल ही में सामने आए जुआ-सट्टा कनेक्शन में पुलिसकर्मियों की भूमिका जैसे मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा और इस प्रकार की गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी। एसपी राठौड़ ने साफ संदेश दिया कि पसंदीदा थानों में लंबे समय से जमे पुलिसकर्मियों की अब खैर नहीं, और पुलिस व्यवस्था को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
नवनियुक्त एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ का यह कदम जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिस प्रशासन की प्रभावशीलता बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
