सिरोही में हाईटेंशन लाइन का टावर गिरा, 45 मीटर ऊंचाई से गिरे पश्चिम बंगाल के 3 मजदूरों की मौत
सिरोही के बरलूट क्षेत्र में हाईटेंशन ट्रांसमिशन लाइन का टावर गिरने से 45 मीटर ऊंचाई पर काम कर रहे पश्चिम बंगाल के तीन मजदूरों की मौत, पुलिस जांच शुरू।

तस्वीर में सिरोही के दुर्घटनास्थल पर एक गिरा हुआ बिजली का टावर, पास खड़ा ट्रैक्टर और स्थिति का जायजा लेते लोग नजर आ रहे हैं।
सिरोही जिले के बरलूट थाना क्षेत्र में जावाल गोल रोड स्थित बड़ी किबली मामाजी मंदिर के सामने बुधवार दोपहर करीब 1 बजे हाईटेंशन बिजली लाइन निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बाड़मेर से गुजरात और उदयपुर के बीच बिछाई जा रही हाईटेंशन ट्रांसमिशन लाइन का विशाल टावर अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में टावर पर करीब 45 मीटर की ऊंचाई पर कार्य कर रहे पश्चिम बंगाल के तीन मजदूरों की मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार क्षेत्र में पिछले दो माह से ट्रांसमिशन लाइन का निर्माण कार्य चल रहा था। अचानक टावर गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से गंभीर रूप से घायल मजदूरों को पहले जावाल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सिरोही रेफर किया गया, लेकिन निजी अस्पताल में चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को सिरोही सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी मौत की पुष्टि की।
हादसे में दो ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि छह बिजली लाइनें भी टूट गईं। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी।
मृतकों की पहचान राहुल एसके पुत्र नजरुख एसके, मोरसलीम पुत्र असीमुद्दीन तथा पंचू शेख पुत्र अफसर अली, तीनों निवासी पश्चिम बंगाल, के रूप में हुई है। तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
बरलूट थानाधिकारी कैलाशदान ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच की जाएगी। हाईटेंशन ट्रांसमिशन लाइन निर्माण के दौरान हुए इस हादसे ने निर्माण कार्यों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Dineshkumar Bohra, Sirohi
नाम: दिनेश बोहरा
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सिरोही जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, शिक्षा और प्रशासनिक खबरें
परिचय एवं अनुभव
दिनेश बोहरा सिरोही जिले से एक सक्रिय रिपोर्टर हैं। वह वर्तमान में 'फर्स्ट इंडिया न्यूज' में रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं और वहां सभी प्रकार की खबरों को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उनका अनुभव निम्नलिखित है:
- फर्स्ट इंडिया न्यूज: वर्ष 2013 से लगातार इस संस्थान से जुड़े हुए हैं और रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
- प्रातःकाल: पिछले कुछ समय से वह 'प्रातःकाल' समाचार पत्र और मीडिया प्लेटफॉर्म के साथ भी जुड़कर कार्य कर रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
दिनेश बोहरा शैक्षणिक रूप से परास्नातक हैं। उनकी योग्यता निम्नलिखित है:
- कला स्नातक (B.A.)
- कला स्नातकोत्तर (M.A.)
