सिरोही। गड़ीया से पिंडवाड़ा तक सड़क चौड़ीकरण एवं पुनर्निर्माण कार्य पिछले दो महीनों से पूरी तरह ठप होने के कारण क्षेत्र में नाराज़गी तेज़ होती जा रही है। इस गंभीर समस्या को लेकर ज़िला परिषद सदस्य रतन देवी रावल ने उपखंड अधिकारी पिंडवाड़ा को पत्र लिखकर तुरंत कार्रवाई की मांग की है।

पत्र में रतन देवी रावल ने उल्लेख किया कि क़रीब 5 करोड़ रुपये से स्वीकृत यह सड़क 22 सितंबर को नवरात्रि के शुभारंभ पर उद्घाटन के बाद कुछ समय ही चली, लेकिन इसके बाद कार्य पूरी तरह बंद हो गया। सड़क पर डाले गए कंकरीट और बजरी के मटीरियल अधूरे पड़े होने के कारण दोपहिया वाहन चालकों के लिए फिसलने का खतरा उत्पन्न हो गया है, जिससे पहले ही कई लोग चोटिल हो चुके हैं।

यह मार्ग मालवा का चौराहा, देवला, बेकरिया, क्यारी, मोरस, मालेरा, घरट, गड़ीया और कांटल सहित कई गांवों से होकर गुजरता है और हज़ारों लोगों का पिंडवाड़ा में दैनिक आवागमन का मुख्य साधन है। कार्य ठप होने के कारण ग्रामीणों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ज़िला परिषद सदस्य ने पत्र में उपखंड अधिकारी से आग्रह किया है कि संबंधित विभाग और ठेकेदार को निर्देशित कर सड़क निर्माण कार्य तत्काल पुनः शुरू करवाया जाए। साथ ही सड़क पर पड़े अधूरे मटीरियल को समतल कर साफ करने और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की भी मांग की गई है।

रतन देवी रावल ने स्पष्ट किया कि यदि कार्य समय पर शुरू नहीं किया गया, तो मजबूरन कार्यालय के बाहर हड़ताल जैसी कार्रवाई करनी पड़ेगी। इस दौरान पूर्व सरपंच रमेश रावल मालेरा, पूनम सिंह, लालाराम गरासिया, सोनाराम मीणा, झालाराम, रामाराम, दलपत गरासिया सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे और उन्होंने भी सड़क कार्य की पुनः शुरूआत की मांग दोहराई।

सड़क निर्माण कार्य में देरी और अधूरे मटीरियल के कारण क्षेत्रवासियों की दैनिक जिंदगी प्रभावित हो रही है, और यह मामला प्रशासनिक निगरानी तथा ठेकेदार की जवाबदेही पर सवाल खड़ा करता है।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story