सरूपगंज में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई शीतला सप्तमी, मंदिर में लगा भव्य मेला
शीतला माताजी के मंदिर में भक्तों ने ठंडे पकवान अर्पित किए और महिलाओं ने मंगल गीत गाए

सरूपगंज, सिरोही। कस्बे सहित आसपास के गांवों में मंगलवार को आस्था और श्रद्धा के साथ शीतला सप्तमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ शीतला माताजी के मंदिरों में उमड़ी, जहां भक्तों ने माता के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
श्री शीतला माता सेवा संस्थान के मीडिया प्रभारी माधुराम प्रजापत के अनुसार, कस्बे के जय श्री शीतला माताजी मंदिर सरूपगंज में विशेष पूजा-अर्चना के साथ भव्य मेले का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने माता को पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार ठंडे पकवानों का भोग लगाया। मेले में भजनों और ठंडाई का आयोजन हुआ, जिसमें लोग माताजी के भजनों पर नाचते और गाते दिखाई दिए।
मेले में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। महिलाओं ने माताजी के मंगल गीत गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मंदिर समिति और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से मेले का सफल आयोजन सुनिश्चित किया गया। पूरे क्षेत्र में दिनभर धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर श्री शीतला माता सेवा संस्थान के अध्यक्ष बाबूलाल परमार, कोषाध्यक्ष दिनेश यादव, सचिव अचलाराम देवासी, सह कोषाध्यक्ष भंवरलाल, उपाध्यक्ष लुंबाराम चौधरी, कमेटी के कार्यकर्ता, प्रभुराम कलबी, हीराराम कलबी, कलाराम देवासी, गोपाल राम प्रजापत, लीलाराम कलबी, संदीप सैनी, दिलीप सोनी, भूराराम कलबी, ललित प्रजापत और अमृत लाल प्रजापत समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
शीतला सप्तमी के इस आयोजन ने सरूपगंज और आसपास के क्षेत्रों में आस्था, श्रद्धा और धार्मिक उत्साह को और अधिक गहरा किया, जिससे क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान मजबूत हुई।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
