कस्बे में सरियादे माता मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत मंगलवार को भव्य शोभायात्रा एवं कलश यात्रा के साथ धार्मिक उत्सव का विधिवत आगाज हुआ। श्री सरियादे माता मारू प्रजापत समाज सेवा संस्थान (11 गांव) द्वारा भावरी रोड स्थित मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल नजर आया।

संस्थान समिति के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत सोमवार को भामाशाहों एवं समाज के प्रतिभावान छात्रों के सम्मान समारोह से हुई। इसके पश्चात शाम को आयोजित भजन संध्या में अनिल कलावंत एंड पार्टी एवं सरिता खारवाल ने भक्तिमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

मंगलवार सुबह करीब 10 बजे निकली शोभायात्रा में समाजबंधु जयकारों के साथ नाचते-गाते हुए शामिल हुए। शोभायात्रा कस्बे के मुख्य मार्गों से होकर निकली, जहां जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। शोभायात्रा में 30 से अधिक सुसज्जित रथों पर साधु-संत एवं भामाशाह विराजमान रहे, वहीं देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का नगर भ्रमण भी कराया गया।

आयोजन के तहत विभिन्न धार्मिक व मांगलिक कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। बुधवार को शुभ मुहूर्त में सरियादे माता सहित विभिन्न देवी-देवताओं की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा एवं सरियादे भवन का उद्घाटन किया जाएगा। इस अवसर पर अवधेश चैतन्य ब्रह्मचारी महाराज (सूरजकुंड), गोविंद वल्लभदास महाराज (श्रीपतिधाम नंदनवन) एवं गणेश महाराज (वासा) का सानिध्य रहेगा। यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक परंपराओं के सशक्त प्रदर्शन के रूप में उभर रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story