पिंडवाड़ा पंचायत समिति के प्रधान नितिन बंसल का जन्मदिन मंगलवार को सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों के संदेश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सरगामाता के समीप आयोजित विशाल पौधारोपण अभियान में करीब 4 हजार पौधे लगाए गए।

पौधारोपण अभियान के दौरान क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में पंचायत समिति सदस्य पवन अग्रवाल, प्रशासक हेमेंद्र सिंह देवड़ा, निखिल बंसल, नरपत सिंह राणावत, परेश अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

अभियान में शामिल लोगों ने स्वयं पौधे लगाकर उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दौर में वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर प्रधान नितिन बंसल ने कहा कि जन्मदिन को केवल उत्सव तक सीमित रखने के बजाय समाज और प्रकृति के हित में समर्पित करना अधिक सार्थक है। उन्होंने सभी लोगों से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आह्वान किया, ताकि क्षेत्र को अधिक हराभरा और स्वच्छ बनाया जा सके।

जन्मदिन के अवसर पर पिंडवाड़ा एवं आसपास के विभिन्न स्थानों पर सामाजिक, धार्मिक एवं स्वागत कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। समर्थकों और शुभचिंतकों ने प्रधान नितिन बंसल का साफा पहनाकर, माल्यार्पण कर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उनके स्वस्थ, दीर्घायु और सफल जीवन की कामना की गई।

दिनभर चले विभिन्न कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता रही। सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक एकता के संदेश के साथ मनाया गया यह जन्मोत्सव क्षेत्रवासियों के लिए प्रेरणादायी बन गया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story