ओरिया के ओंकारेश्वर महादेव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव संपन्न
आबूराज क्षेत्र के 16 गांवों के राजपूत समाज ने दिखाई एकजुटता, तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान के बाद आयोजित हुआ विशाल भंडारा।

आबूराज के ओरिया गांव में आयोजित ओंकारेश्वर महादेव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठान करते श्रद्धालु और आयोजन समिति के सदस्य।
राजस्थान के मिनी कश्मीर कहे जाने वाले आबूराज क्षेत्र के ओरिया गांव में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। यहां स्थित ओंकारेश्वर महादेव मंदिर का तीन दिवसीय भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव विशाल भंडारे के साथ हर्षोल्लासपूर्वक संपन्न हुआ। धार्मिक आयोजन के दौरान पूरा क्षेत्र महादेव के जयकारों और भक्तिमय वातावरण से शिवमय बना रहा।
महोत्सव की सबसे विशेष बात आबूराज क्षेत्र के 16 गांव राजपूत समाज की एकजुटता रही। समाज के प्रत्येक घर ने तन-मन-धन से सहयोग कर सामाजिक समरसता और अटूट आस्था का परिचय दिया। ओरिया ग्रामवासियों के साथ आसपास के ग्रामीणों ने भी आयोजन में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
प्राण प्रतिष्ठा के मुख्य कार्यक्रम से पूर्व गांव में भव्य शोभायात्रा और कलश यात्रा निकाली गई। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं और बालिकाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर नगर भ्रमण किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और महादेव के जयकारों से पूरा ओरिया गांव गुंजायमान हो उठा। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
तीन दिनों तक चले धार्मिक अनुष्ठानों में विद्वान पंडितों के सानिध्य में जलाधिवास, अन्नाधिवास और मूर्ति शुद्धि की सभी विधियां विधि-विधान से संपन्न कराई गईं। मंदिर परिसर में बने यज्ञ कुंड में विश्व शांति और लोक कल्याण की कामना के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां दी गईं। शुभ मुहूर्त में भगवान ओंकारेश्वर महादेव की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई।
महोत्सव के अंतिम दिन आयोजित महाप्रसाद भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में समाज के प्रतिष्ठित गणमान्य नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने भी शिरकत कर भगवान महादेव का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायक प्रकाश माली ने भजन संध्या में अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि यह महोत्सव केवल मंदिर स्थापना का आयोजन नहीं, बल्कि पूर्वजों की आस्था और 16 गांव राजपूत समाज के आपसी प्रेम, सहयोग और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। धूमधाम से संपन्न हुआ यह आयोजन ओरिया गांव के इतिहास में नया अध्याय जोड़ गया। नवनिर्मित ओंकारेश्वर महादेव मंदिर अब क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आस्था केंद्र के रूप में स्थापित होगा।

Sunil Acharya, Mount Abu
सुनिल आचार्य माउंट आबू से जुड़े प्रमुख रिपोर्टर हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय और सटीक कवरेज के लिए जाने जाते हैं। उनकी पत्रकारिता में तथ्यपरक रिपोर्टिंग और घटनाओं की गहन समीक्षा का विशेष योगदान है। सुनिल आचार्य हर खबर को निष्पक्ष दृष्टिकोण से प्रस्तुत करते हैं और पाठकों तक सही जानकारी पहुँचाने का पूरा प्रयास करते हैं। उनका लेखन शैली सरल, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को समाचार के हर पहलू से अवगत कराता है।
