माउंट आबू में बढ़ते ईंधन खर्च के बीच स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और आर्थिक बचत का अनूठा संदेश देने के उद्देश्य से एक विशेष 'संडे साइकलिंग' अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस उप अधीक्षक कार्यालय से हुई, जहाँ पुलिस उप अधीक्षक गोमाराम चौधरी और थाना अधिकारी दलपत सिंह राठौड़ ने स्वयं साइकिल चलाकर अभियान का आगाज किया। इस आयोजन में पुलिसकर्मियों, आम नागरिकों और पुलिसकर्मियों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाते हुए साइकिल के पेंडल मारे।

यह अभियान केवल साइकिलिंग तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि नक्की झील के सुरम्य किनारे पर पहुँचकर प्रतिभागियों ने रस्सी कूदकर व्यायाम का भी अभ्यास किया। डीजल और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के इस दौर में, साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देकर यह संदेश दिया गया कि यह न केवल जेब पर भार कम करता है, बल्कि शारीरिक स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है। आयोजित इस अनूठे अभियान में ज्योतिष जोनवाल, संजय सिंघल और चंद्र सिंह व महेंद्र सिंह सहित शहर के कई प्रबुद्धजन मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन द्वारा किया गया यह सार्थक प्रयास नगरवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना।




Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story