सिरोही जिले के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में इस वर्ष राजस्थान पर्यटन विभाग, जिला प्रशासन सिरोही एवं नगर पालिका मंडल, आबूपर्वत के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय ग्रीष्म महोत्सव का भव्य एवं विधिवत आयोजन किया जा रहा है। यह महोत्सव 9 एवं 10 मई को आयोजित होगा, जिसमें राजस्थान के साथ-साथ पड़ोसी राज्य गुजरात की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की अनूठी झलक पर्यटकों को देखने को मिलेगी।

जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर के निर्देशन में महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उपखंड अधिकारी डॉ. अंशु प्रिया इस आयोजन को लेकर सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनके अनुसार, महोत्सव पर्यटन को बढ़ावा देने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसके लिए पूरे माउंट आबू शहर को रंग-बिरंगी रोशनी और पारंपरिक सजावट से सजाया जा रहा है।

महोत्सव की शुरुआत “रन फॉर माउंट आबू” से होगी, जिसे इस बार नए स्वरूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। सहायक पर्यटन निदेशक भैरू सिंह के अनुसार, इस आयोजन में बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं एवं महिलाओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

महोत्सव का मुख्य आकर्षण 9 मई की शाम को माउंट आबू के प्रसिद्ध पोलो ग्राउंड में आयोजित होने वाली मेगा कल्चरल नाइट रहेगी। इस सांस्कृतिक संध्या में बॉलीवुड गायिका तुलसी कुमार अपनी प्रस्तुति देंगी। इसके साथ ही एयरफोर्स एवं सीआरपीएफ द्वारा भी विशेष आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। संगीत, नृत्य और आधुनिक लाइटिंग का समन्वय इस संध्या को विशेष एवं यादगार बनाएगा।

महोत्सव का उद्देश्य माउंट आबू में पर्यटन को बढ़ावा देना तथा स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करना है। इस आयोजन के माध्यम से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को राजस्थान एवं गुजरात की संस्कृति को एक साथ देखने का अवसर प्राप्त होगा।

महोत्सव का समापन 10 मई की मध्य रात्रि को भव्य आतिशबाजी के साथ किया जाएगा, जिसमें रंग-बिरंगी रोशनी और संगीत का मनोहारी दृश्य पर्यटकों के लिए अविस्मरणीय अनुभव बनेगा।

कार्यक्रम संयोजक राज किशोर शर्मा के अनुसार, पहले दिन 9 मई को सुबह 9 बजे “रन फॉर माउंट आबू” से कार्यक्रम की शुरुआत होगी, जिसके बाद 10:30 बजे टग ऑफ वॉर, 11:30 बजे स्लो साइक्लिंग प्रतियोगिता और दोपहर 12 बजे क्रिकेट मैच आयोजित होगा। शाम 7 बजे झील किनारे दीपदान कार्यक्रम होगा, इसके बाद 7:30 बजे एयरफोर्स एवं सीआरपीएफ की प्रस्तुतियां और रात 8 बजे राजस्थान बैंड द्वारा सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी।

दूसरे दिन 10 मई को सुबह 11 बजे मटका रेस, 11:30 बजे मटका फोड़ प्रतियोगिता, शाम 5 बजे म्यूजिकल चेयर, 5:30 बजे बोट रेस तथा रात 8 बजे सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें ड्यून्स ऑफ राजस्थान बैंड और तुलसी कुमार लाइव प्रस्तुति देंगी।

इसके अतिरिक्त, महोत्सव में सीआरपीएफ द्वारा शस्त्र प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी तथा दोनों दिनों विशेष आतिशबाजी कार्यक्रम होंगे। प्रशासन द्वारा महोत्सव को सफल एवं सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। यह आयोजन माउंट आबू की पर्यटन छवि को और अधिक सुदृढ़ करने के साथ-साथ इसे देश-विदेश के पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण केंद्र के रूप में स्थापित करेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story