माउंट आबू में प्रेसिडेंट स्काउट एवं रोवर प्रशिक्षण शिविर का हुआ समापन
राजस्थान के आबू पर्वत पर आयोजित पांच दिवसीय शिविर में पूर्व मुख्य सचिव निरंजन आर्य ने स्काउट्स को अनुशासन और राष्ट्र प्रेम की शपथ दिलाई।

(राजस्थान)। राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड राज्य मुख्यालय जयपुर के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय प्रेसिडेंट स्काउट एवं रोवर प्रशिक्षण शिविर सोमवार, 20 अप्रैल को स्टेट एडवेंचर ट्रेनिंग सेंटर, आबू पर्वत पर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। 16 अप्रैल से गतिमान इस गरिमामयी शिविर के समापन अवसर पर राजस्थान सरकार के पूर्व मुख्य सचिव एवं वर्तमान स्टेट चीफ कमिश्नर निरंजन आर्य तथा पूर्व अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं स्टेट कमिश्नर आर.पी. सिंह ने आकस्मिक दौरा कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
शिविर को संबोधित करते हुए स्टेट चीफ कमिश्नर निरंजन आर्य ने 'राष्ट्र प्रेम सर्वोपरि' का उद्घोष किया। उन्होंने स्काउट्स और रोवर्स को अनुशासन, स्वावलंबन और प्रभावी नेतृत्व के गुणों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। आर्य ने स्वावलंबन को जीवन की सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि व्यक्तित्व को निखारने के लिए स्वयं के कार्य स्वयं करने की प्रवृत्ति विकसित करनी चाहिए। उन्होंने संप्रेषण कौशल को प्रभावशाली बनाने और सामाजिक कार्यों, मोहल्ले व गांव के विकास हेतु निरंतर श्रमदान करने पर विशेष बल दिया। राष्ट्र सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने युवाओं से सामुदायिक सेवाओं में अग्रणी रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आर.पी. सिंह ने संभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिविर में सीखे गए अनुभवों को केवल प्रशिक्षण तक सीमित न रखकर व्यावहारिक जीवन में उतारें और निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर रहें। वरिष्ठ अधिकारियों ने शिविर की व्यवस्थाओं और प्रशिक्षण टीम द्वारा प्रदान की गई उच्च स्तरीय ट्रेनिंग की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। स्टेट चीफ कमिश्नर ने स्वयं स्काउट्स और रोवर्स से वार्ता कर उनके अनुभवों को साझा किया।
सी.ओ. स्काउट आबू पर्वत, जितेंद्र भाटी ने बताया कि इस महत्वपूर्ण शिविर के सफल संचालन में शिविर संचालक एवं सहायक राज्य संगठन आयुक्त (कोटा) दलीप माथुर, जयपुर के लीडर ट्रेनर अभय सिंह शेखावत, नागौर के लीडर ट्रेनर शैलेश पलोड, कोटा के रूपचंद शर्मा, श्याम लाल गुप्ता, रोवर लीडर संचालक मनोज शर्मा एवं सी.ओ. स्काउट झुंझुनूं महेश कालावत की गरिमामयी उपस्थिति रही। पूरे कार्यक्रम का कुशल संचालन सी.ओ. स्काउट महेश कालावत द्वारा संपन्न किया गया। यह शिविर युवाओं में नेतृत्व क्षमता और नागरिकता के गुणों को विकसित करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हुआ है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
