पर्यटन नगरी माउंट आबू में पर्यटकों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक अत्यंत महत्वपूर्ण और साहसी कदम उठाया है। मुख्यमंत्री की बजट घोषणा के अनुरूप, नक्की लेक के समीप स्थित किचन गार्डन पार्किंग क्षेत्र को वर्षों से चले आ रहे अतिक्रमण से मुक्त करा लिया गया है। इस भूमि पर अब एक अत्याधुनिक मल्टी-स्टोरी पार्किंग का निर्माण किया जाएगा, जिससे भविष्य में आने वाले पर्यटकों को वाहन खड़ा करने की बड़ी राहत मिलेगी और शहर को जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी।

यह कार्रवाई जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर के कड़े निर्देशों के बाद अमल में लाई गई। प्रशासन की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सूर्य की पहली किरण के साथ ही तीन जेसीबी मशीनें और नगर पालिका की पूरी टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। उपखंड अधिकारी डॉ. अंशु प्रिया के निर्देशन में संचालित इस अभियान के दौरान क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था, जहां पुलिस और आरएसी के जवान तैनात रहे ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। इस बड़े प्रशासनिक कदम के तहत यहां बरसों से अवैध कब्जा जमाकर व्यवसाय कर रही पांच दर्जन से अधिक दुकानों को हटा दिया गया है।

प्रशासनिक स्तर पर इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए तहसीलदार डूंगरमल पुरोहित, नायब तहसीलदार कुंज बिहारी झा, एईएन नवोदित सिंह राजपुरोहित, सीआई दलपत सिंह राठौड़, पालिका एसआई रमेश रोहिण तथा जमादार तरुण कुमार सहित नगर पालिका के समस्त कार्मिक मौजूद रहे। इस बहुप्रतीक्षित विकास कार्य का नक्की व्यापार मंडल और शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने स्वागत किया है। प्रशासन के इस निर्णय से न केवल माउंट आबू की यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि पर्यटन के लिहाज से यह एक मील का पत्थर साबित होगा। शहर के मुख्य पर्यटन केंद्र पर पार्किंग की समुचित व्यवस्था होने से अब पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी, जो निश्चित रूप से माउंट आबू के पर्यटन परिदृश्य में सकारात्मक बदलाव लाएगी।

Sunil Acharya, Mount Abu

Sunil Acharya, Mount Abu

सुनिल आचार्य माउंट आबू से जुड़े प्रमुख रिपोर्टर हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय और सटीक कवरेज के लिए जाने जाते हैं। उनकी पत्रकारिता में तथ्यपरक रिपोर्टिंग और घटनाओं की गहन समीक्षा का विशेष योगदान है। सुनिल आचार्य हर खबर को निष्पक्ष दृष्टिकोण से प्रस्तुत करते हैं और पाठकों तक सही जानकारी पहुँचाने का पूरा प्रयास करते हैं। उनका लेखन शैली सरल, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को समाचार के हर पहलू से अवगत कराता है।

Next Story