माउंट आबू के अचलगढ़ में लेपर्ड ने युवक को बनाया शिकार, घने जंगल में मिला शव
सिरोही के अचलगढ़ में भृगु आश्रम के पास लेपर्ड ने उदयपुर निवासी युवक पर किया हमला, वन विभाग और पुलिस ने क्षेत्र में अलर्ट जारी कर जांच शुरू की।

सिरोही के माउंट आबू स्थित अचलगढ़ वन्य क्षेत्र में युवक का शव मिलने के बाद घटना स्थल का मुआयना करते वन विभाग के अधिकारी और पुलिस टीम।
आबूराज, सिरोही से बड़ी खबर सामने आ रही है जहां वन्य क्षेत्र में एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। आशंका जताई जा रही है कि युवक को लेपर्ड ने अपना शिकार बनाया है। घटना अचलगढ़ क्षेत्र के भृगु आश्रम से करीब 200 मीटर दूर की बताई जा रही है जहां घने जंगल के बीच युवक का शव बरामद हुआ। मौके के हालात बेहद गंभीर थे और जंगल में अलग स्थान पर युवक के पैर का हिस्सा भी मिला जिससे साफ है कि लेपर्ड ने युवक पर हमला कर उसे घसीटते हुए झाड़ियों में ले गया।
घटना स्थल का खौफनाक मंजर और पुलिस कार्रवाई
सूचना मिलने के बाद थाना अधिकारी दलपत सिंह राठौड़ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। वहीं सूचना के बाद वन विभाग के डीएफओ (DFO) शुभम जैन, रेंजर गजेंद्र सिंह और राजेश बिश्नोई भी मौके पर पहुंचे। घटना स्थल पर देखने से प्रतीत हो रहा है कि युवक की गर्दन पर दांत के निशान देखने को मिल रहे हैं और एक पैर को पूर्ण रूप से खाया गया था। घने जंगल के बीच युवक के पैर का टुकड़ा अलग स्थान पर मिला और लेपर्ड युवक को घसीट कर कुछ दूरी तक घनी झाड़ियों के बीच ले गया था।
मृतक की पहचान और विभाग की अपील
मृतक की पहचान वाला राम के रूप में हुई है जो उदयपुर जिले के खजुरिया गांव का निवासी बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि युवक बीते कल शाम करीब 6:00 बजे अचलगढ़ की ओर निकला था जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। फिलहाल पुलिस और वन विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। प्रशासन द्वारा क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है और स्थानीय लोगों व पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

Sunil Acharya, Mount Abu
सुनिल आचार्य माउंट आबू से जुड़े प्रमुख रिपोर्टर हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय और सटीक कवरेज के लिए जाने जाते हैं। उनकी पत्रकारिता में तथ्यपरक रिपोर्टिंग और घटनाओं की गहन समीक्षा का विशेष योगदान है। सुनिल आचार्य हर खबर को निष्पक्ष दृष्टिकोण से प्रस्तुत करते हैं और पाठकों तक सही जानकारी पहुँचाने का पूरा प्रयास करते हैं। उनका लेखन शैली सरल, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को समाचार के हर पहलू से अवगत कराता है।
