माउंट आबू इनर व्हील क्लब ने रखी 65वें शौचालय की नींव, कुलपति सुधि राजीव रहीं मौजूद
'हर घर शौचालय' अभियान के तहत सालगांव में मनीषा राणा के घर शौचालय निर्माण कार्य शुरू हुआ और दिव्यांग बच्चों को व्हीलचेयर प्रदान की गई।

माउंट आबू में शौचालय निर्माण कार्यक्रम के दौरान कुलपति सुधि राजीव, डिस्ट्रिक्ट एडिटर गीता अग्रवाल, अध्यक्षा ज्योति नाथ और अन्य क्लब सदस्य।
माउंट आबू इनर व्हील क्लब द्वारा गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए चलाए जा रहे ‘हर घर शौचालय’ अभियान के अंतर्गत 65वें शौचालय की नींव रखी गई। इस अवसर पर राजस्थान सरकार की जयपुर स्थित हरदेव जोशी पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय की कुलपति श्रीमती सुधि राजीव ने शौचालय की नींव रखकर सामाजिक सरोकार का संदेश दिया।
क्लब द्वारा अब तक इस अभियान के अंतर्गत 64 परिवारों के लिए शौचालयों का निर्माण किया जा चुका है। समाज सेविका एवं इनर व्हील क्लब माउंट आबू की सदस्य तथा डिस्ट्रिक्ट एडिटर श्रीमती गीता अग्रवाल के सहयोग से यह अभियान निरंतर आगे बढ़ रहा है। क्लब ने केवल शौचालय निर्माण ही नहीं, बल्कि कई भवन मरम्मत कार्य भी संपन्न किए हैं।
माउंट आबू वन्य जीव अभ्यारण्य क्षेत्र होने के कारण यहां भालू और तेंदुए के हमले का खतरा बना रहता है। ऐसे में खुले में शौच जाना ग्रामीणों के लिए जान जोखिम में डालने जैसा है। इसके बावजूद क्षेत्र में आज भी कई परिवार शौचालय विहीन हैं। आर्थिक रूप से कमजोर, दिव्यांग, वृद्ध एवं गंभीर बीमारियों से जूझ रहे परिवारों के लिए यह स्थिति और भी कठिन हो जाती है। ऐसे में इनर व्हील क्लब द्वारा किए जा रहे प्रयास उनके जीवन में राहत प्रदान कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान कुलपति श्रीमती सुधि राजीव ने क्लब के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विभिन्न सेवा परियोजनाओं के माध्यम से क्लब ने हजारों जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है। वे लंबे समय से क्लब से जुड़ी रही हैं और उनके मार्गदर्शन से क्लब को निरंतर प्रेरणा मिलती रही है।
क्लब द्वारा श्रीमती गीता अग्रवाल के सहयोग से अब तक 50 से अधिक बालिकाओं को होटल मैनेजमेंट कोर्स भी करवाया जा चुका है, जिससे वे और उनके परिवार आत्मनिर्भर बन सके हैं। इसके अतिरिक्त स्थानीय महिलाओं को हरिद्वार भेजकर गंगा स्नान का अवसर, तंबाकू त्याग, गौ संरक्षण एवं स्वच्छता जागरूकता हेतु रैलियों का आयोजन भी किया जाता रहा है।
क्लब द्वारा समय-समय पर जरूरतमंदों को स्कूल फीस, रक्तदान, राशन सामग्री, अस्पताल खर्च एवं स्कूल स्टेशनरी जैसी आवश्यक सहायता भी प्रदान की जाती रही है। इस अवसर पर कुलपति श्रीमती सुधि राजीव ने सालगांव पहुंचकर मनीषा राणा के लिए बनाए जा रहे शौचालय की नींव भी रखी और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इसके बाद वे आदर्श कॉलोनी निवासी देवी के घर पहुंचीं, जहां भवन मरम्मत कार्य चल रहा है। साथ ही वे ओरिया निवासी खेत सिंह के घर भी गईं, जिनके लिए हाल ही में शौचालय निर्माण किया गया है तथा उनके तीन दिव्यांग बच्चों को व्हीलचेयर भी उपलब्ध करवाई गई थी।
क्लब अध्यक्षा श्रीमती ज्योति नाथ ने कुलपति का स्वागत करते हुए उन्हें क्लब की गतिविधियों एवं आगामी परियोजनाओं की जानकारी दी। वहीं डिस्ट्रिक्ट एडिटर श्रीमती गीता अग्रवाल ने कहा कि वे समाज सेवा के कार्यों को आगे भी निरंतर जारी रखेंगी।
इस अवसर पर क्लब सदस्य पिंकी बंसल, अर्चना खन्ना एवं काजल चंदारिया भी उपस्थित रहीं। पूरे आयोजन ने माउंट आबू में सामाजिक सेवा और जनकल्याण की दिशा में चल रहे प्रयासों को नई ऊर्जा प्रदान की।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
