माउंट आबू होटल एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी घोषित, वंदन अग्रवाल बने अध्यक्ष
होटल हिल्टन के एमडी वंदन अग्रवाल को कमान, पर्यटन विकास, स्वच्छता और सालगांव पेयजल परियोजना को प्राथमिकता देने का लिया संकल्प।

माउंट आबू में आयोजित बैठक के दौरान मंच पर आसीन नवनियुक्त अध्यक्ष वंदन अग्रवाल और कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारी।
माउंट आबू की पर्यटन और होटल इंडस्ट्री से जुड़ी गतिविधियों के बीच माउंट आबू होटल एसोसिएशन महा की नई कार्यकारिणी घोषित कर दी गई। माउंट आबू की प्रतिष्ठित होटल “होटल हिल्टन” के प्रबंध निदेशक वंदन अग्रवाल को एसोसिएशन का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नई कार्यकारिणी में रूपेश जैन को उपाध्यक्ष, कश्यप जानी को सचिव तथा ज्योतिष जोनवाल को कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
नई कार्यकारिणी की घोषणा के बाद अध्यक्ष वंदन अग्रवाल ने कहा कि माउंट आबू पश्चिम भारत की इकलौती पर्वतीय पर्यटन नगरी है और इसे स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक मुक्त बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि माउंट आबू को व्यवस्थित और स्वच्छ बनाए रखने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा, जिसमें माउंट आबू होटल एसोसिएशन अपना पूर्ण योगदान देगा।
उन्होंने कहा कि माउंट आबू में पर्यटन को किस प्रकार और अधिक बढ़ावा दिया जा सके तथा उदयपुर की तर्ज पर यहां भी पर्यटकों की संख्या बढ़े, इसे लेकर संगठन गंभीरता से विचार करेगा। पर्यटन विकास के लिए नए प्रयासों और योजनाओं पर कार्य करने की बात भी उन्होंने कही।
वंदन अग्रवाल ने माउंट आबू में पूर्व में बनी पेयजल समस्या का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार द्वारा सालगांव परियोजना की क्रियान्विति शुरू किए जाने से भविष्य में पेयजल संकट दूर होने की उम्मीद है। उन्होंने सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि परियोजना का शीघ्र निर्माण माउंट आबू के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को लेकर कहा कि माउंट आबू के लोग लंबे समय से पेड़ लगाने और उन्हें संरक्षित रखने का कार्य करते रहे हैं, लेकिन अभी भी काफी कार्य किया जाना बाकी है। एसोसिएशन द्वारा माउंट आबू में अधिकाधिक पौधरोपण और लगाए गए पेड़ों को जीवित रखने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
माउंट आबू होटल एसोसिएशन में रानीवाड़ा के विधायक एवं माउंट आबू निवासी रतन देवासी, सुधीर जैन, संजय सिं्घल और विश्राम विश्राम को मुख्य संरक्षक घोषित किया गया है। नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही माउंट आबू में पर्यटन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आधारभूत सुविधाओं को लेकर नई पहल की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
