उदयपुर की डॉ. मनस्वी अग्रवाल ने रच इतिहास, 9 महीने में फतह किए 5 महाद्वीप
माउंट एवरेस्ट और अंटार्कटिका के माउंट विन्सन को फतह कर डॉ. मनस्वी अग्रवाल 5 महाद्वीपों के सर्वोच्च शिखरों तक पहुंचने वाली सबसे तेज भारतीय महिला बनीं।

माउंट आबू। राजस्थान के उदयपुर की 28 वर्षीय बेटी डॉ. मनस्वी अग्रवाल ने पर्वतारोहण की दुनिया में नया इतिहास रच दिया है। महज 9 महीने की अल्पावधि में दुनिया के 5 बड़े महाद्वीपों—एशिया, यूरोप, अफ्रीका, अंटार्कटिका और दक्षिण अमेरिका—के सर्वोच्च शिखरों को फतह कर उन्होंने देश का मान बढ़ाया है। इसी के साथ वे इतने कम समय में यह कीर्तिमान स्थापित करने वाली भारत की पहली और सबसे तेज महिला पर्वतारोही बन गई हैं। अंटार्कटिका के सबसे ऊंचे शिखर 'माउंट विन्सन मैसिफ' पर तिरंगा फहराने वाली वे राजस्थान की पहली नागरिक हैं, जहाँ तक अब तक राज्य का कोई पुरुष पर्वतारोही भी नहीं पहुँच सका है।
डॉ. मनस्वी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि की बुनियाद माउंट आबू स्थित गुजरात सरकार के स्वामी विवेकानंद पर्वतारोहण संस्थान में रखी गई थी। वर्ष 2021 में अपने परिवार के साथ माउंट आबू भ्रमण के दौरान उन्हें इस संस्थान का पता चला। इसके बाद उन्होंने यहाँ से बेसिक और एडवांस माउंटेनियरिंग का प्रशिक्षण प्राप्त किया। संस्थान की प्राचार्य राजल पटेल के कुशल मार्गदर्शन में शुरू हुआ उनका यह सफर आज माउंट एवरेस्ट से लेकर अंटार्कटिका की बर्फीली चोटियों तक पहुँच चुका है।
गैर-सैनिक पृष्ठभूमि से आने वाली मनस्वी के लिए यह सफर आसान नहीं था। माउंट एवरेस्ट की 8,848 मीटर ऊंची चोटी फतह करने के बाद कैंप-2 में 6,400 मीटर की ऊंचाई पर उतरते समय वे गंभीर 'ग्रेड-3' और 'ग्रेड-4' फ्रॉस्टबाइट की शिकार हो गईं। बर्फीले तूफानों के बीच अपने दल के दो सदस्यों को खोने का दुख और अपने पैरों को गंवाने का खतरा, दोनों परिस्थितियाँ बेहद खौफनाक थीं। इलाज के दौरान उन्हें अपने दोनों पैरों की 6 उंगलियां गंवानी पड़ीं। हालाँकि, भारत सरकार के सहयोग से विदेश से मंगाए गए जीवनरक्षक टीकों की बदौलत उनके पैर बचा लिए गए।
पर्वतारोहण के साथ डॉ. मनस्वी ने शिक्षा और खेल के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। उन्होंने खनन एवं पर्यावरण कानून (Law) के क्षेत्र में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। इसके अलावा 10 मीटर राइफल शूटिंग और घुड़सवारी (हॉर्स राइडिंग) में भी वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी हैं। हाल ही में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा उन्हें प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
माउंट एवरेस्ट और अंटार्कटिका के माउंट विन्सन मैसिफ पर तिरंगा फहराने के साथ डॉ. मनस्वी ने महज 9 महीनों में 5 महाद्वीपों के सर्वोच्च शिखरों को फतह करने का कीर्तिमान बनाया है। अदम्य जीविषा, शिक्षा और खेल के इस संतुलन के साथ वे आज देश की 'जेन-जी' (Gen-Z) पीढ़ी के लिए एक रोल मॉडल बन चुकी हैं।

Sunil Acharya, Mount Abu
सुनिल आचार्य माउंट आबू से जुड़े प्रमुख रिपोर्टर हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय और सटीक कवरेज के लिए जाने जाते हैं। उनकी पत्रकारिता में तथ्यपरक रिपोर्टिंग और घटनाओं की गहन समीक्षा का विशेष योगदान है। सुनिल आचार्य हर खबर को निष्पक्ष दृष्टिकोण से प्रस्तुत करते हैं और पाठकों तक सही जानकारी पहुँचाने का पूरा प्रयास करते हैं। उनका लेखन शैली सरल, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को समाचार के हर पहलू से अवगत कराता है।
