माधव विश्वविद्यालय में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के सहयोग से छात्रों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और जीवन रक्षक सीपीआर का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

सिरोही स्थित माधव विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित करते अतिथि एवं विश्वविद्यालय प्रशासन।
माधव विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
सिरोही। राष्ट्रीय राजमार्ग अवसंरचना ट्रस्ट, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण व माधव विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत माधव विश्वविद्यालय परिसर में “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” थीम पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम 01 से 31 जनवरी 2026 तक मनाए जा रहे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत संपन्न हुआ।
यातायात नियमों और सुरक्षा का आह्वान
कार्यक्रम में परिवहन विभाग से आए ईश्वर कोली ने अपने संबोधन में कहा कि “सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों की जानकारी और उनका पालन अत्यंत आवश्यक है।” उन्होंने युवाओं से “हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने” का आह्वान किया।
राष्ट्रीय राजमार्ग अवसंरचना ट्रस्ट के प्रोजेक्ट मैनेजर शैलेन्द्र सिंह राजपूत ने कहा कि “राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर मानव जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।” उन्होंने विद्यार्थियों से सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहते हुए समाज में भी जागरूकता फैलाने का आग्रह किया।
विश्वविद्यालय प्रबंधन का संदेश
विश्वविद्यालय के प्रेसीडेंट डॉ. राजीव माथुर ने कहा कि “सड़क सुरक्षा हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।” उन्होंने विद्यार्थियों से यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “जागृति ही दुर्घटनाओं की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है और ऐसे कार्यक्रम सुरक्षित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।”
विश्वविद्यालय के प्रो-प्रेसीडेंट डॉ. सुशील भार्गव ने कहा कि “शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में जिम्मेदारी और अनुशासन की भावना विकसित करना भी है। सड़क सुरक्षा जैसे विषय पर आयोजित कार्यक्रम युवाओं को जागरूक नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।”
रजिस्ट्रार डॉ. भावेश कुमावत ने अपने संबोधन में कहा कि “सड़क सुरक्षा एक सामूहिक जिम्मेदारी है। छोटी-छोटी सावधानियां—जैसे ट्रैफिक नियमों का पालन, सतर्क ड्राइविंग और सुरक्षा उपकरणों का उपयोग—कई अनमोल जीवन बचा सकती हैं।”
प्राथमिक उपचार और जीवन रक्षा प्रशिक्षण
होम्योपैथिक विभाग एवं टीवीटीसीसी की निदेशक डॉ. भारती देसाई ने कहा कि “दुर्घटना के बाद समय पर दिया गया प्राथमिक उपचार जीवन रक्षक सिद्ध हो सकता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को बेसिक फर्स्ट एड और आपातकालीन सहायता की जानकारी अवश्य होनी चाहिए।”
होम्योपैथी विभाग के डॉ. विक्रांत सक्सेना ने सड़क दुर्घटनाओं में ‘गोल्डन ऑवर’ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटैशन) का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन रक्षा के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी मिली।
प्रतियोगिताएं एवं परिणाम
कार्यक्रम के दौरान नर्सिंग, बीएचएमएच तथा दिव्यांग विद्यार्थियों द्वारा सड़क सुरक्षा विषय पर नाटक एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
नाटक प्रतियोगिता:
- प्रथम: बीएससी नर्सिंग के प्रतिभागी
- द्वितीय: विशेष शिक्षा के प्रतिभागी
- तृतीय: बीएचएमएस के प्रतिभागी
पोस्टर प्रतियोगिता:
- प्रथम: वंदना, श्रद्धा (बीएचएमएस) एवं पीयूष (विशेष शिक्षा)
- द्वितीय: महक चौहान, तनाज़ मंसूरी (बीएचएमएस) एवं प्रिया व समूह (बीएससी नर्सिंग)
- तृतीय: महक माली, अवनी ठाकर (बीएचएमएस) तथा बीएमएलटी प्रथम वर्ष का समूह
सभी विजेता प्रतिभागियों को राष्ट्रीय राजमार्ग अवसंरचना ट्रस्ट एवं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
गरमामयी उपस्थिति और आभार प्रदर्शन
कार्यक्रम के अंत में रजिस्ट्रार डॉ. भावेश कुमावत ने राष्ट्रीय राजमार्ग अवसंरचना ट्रस्ट, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, सभी अतिथियों, स्टाफ सदस्यों एवं छात्र-छात्राओं के प्रति धन्यवाद ज्ञापन व्यक्त किया।
इस अवसर पर निम्नलिखित सदस्य उपस्थित रहे:
- अकादमिक अधिष्ठाता डॉ. महेन्द्र सिंह, छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. देवेंद्र मुझाल्दा, डॉ. वैभव दवे, तौफिक पठान।
- टीवीटीसीसी कमेटी के सभी सदस्य, विश्वविद्यालय के समस्त संकाय अधिष्ठाता एवं विभागाध्यक्ष।
- मेंटेनेंस मैनेजर जीत नायर, कॉरिडोर मैनेजर बिपिन मेवाड़ा, टोल मैनेजर विकास सेहरावत एवं सुनील कुमार शुक्ला।
- सेफ्टी ऑफिसर राकेश कुमार सैनी तथा इंडिपेंडेंट इंजीनियर गौरव कुमार अवस्थी।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
