सिरोही। माधव विश्वविद्यालय में आध्यात्मिक उल्लास और श्रद्धा की अद्भुत झलक देखने को मिली जब विश्वविद्यालय के होम्योपैथिक ऑडिटोरियम में सोमवार से मंगलवार तक दो दिवसीय हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता अकादमिक अफेयर्स और द वाइब ट्राइब कल्चरल कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

इस भव्य आयोजन में 1 लाख 25 हजार बार हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों और कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता निभाई। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवा वर्ग में आध्यात्मिक चेतना, सकारात्मक ऊर्जा और सांस्कृतिक मूल्यों का प्रसार करना बताया गया। विश्वविद्यालय परिसर में दोनों दिन श्रद्धालुओं और सहभागियों के बीच उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा।

अकादमिक अफेयर्स के अधिष्ठाता डॉ. महेंद्र सिंह परमार ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में अनुशासन, एकाग्रता और सामूहिकता की भावना को प्रबल करते हैं। वहीं, द वाइब ट्राइब कल्चरल कमेटी की निदेशक डॉ. भारती देसाई एवं प्रमुख डॉ. महेंद्र सिंह गुर्जर ने सभी विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय परिवार से इस पावन आयोजन में उपस्थित रहने का आग्रह किया।

दोनों दिवस कार्यक्रम प्रातः काल से सायंकाल तक विभिन्न सत्रों में आयोजित हुए। विश्वविद्यालय में धार्मिक उल्लास और भक्ति का माहौल चरम पर रहा। इस आयोजन ने न केवल विद्यार्थियों में आध्यात्मिक चेतना को प्रोत्साहित किया, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक समर्पण की भावना को भी नई दिशा दी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story