माधव विश्वविद्यालय ने आमथला में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया
माधव होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज द्वारा आयोजित शिविर में 65 मरीजों की जांच कर निःशुल्क दवाइयां बांटी गईं और महिलाओं व बच्चों के रोगों का उपचार किया गया।

ग्राम आमथला में आयोजित स्वास्थ्य शिविर के दौरान मरीजों का पंजीकरण और प्राथमिक जांच करते माधव होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के छात्र और चिकित्सा टीम।
ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने की दिशा में माधव विश्वविद्यालय ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ग्राम आमथला में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया। विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित माधव होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल द्वारा आयोजित इस शिविर का उद्देश्य आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना रहा।
शिविर के दौरान लगभग 65 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा सभी को निःशुल्क होम्योपैथिक दवाइयों का वितरण किया गया। इस अवसर पर डॉ. अमित कुमार भास्कर एवं डॉ. अलका मेहरा के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में त्वचा संबंधी रोग, मौसमी संक्रमण से ग्रसित बच्चों की समस्याएं, बुखार, खांसी-जुकाम, पेट दर्द, कमर दर्द तथा घुटनों एवं जोड़ों के दर्द से पीड़ित मरीजों का उपचार किया गया।
इसके अतिरिक्त महिलाओं में माहवारी संबंधी समस्याओं एवं बाह्य जननांग संक्रमण से संबंधित मामलों की भी जांच एवं चिकित्सा की गई। आयोजन में कॉलेज के फाइनल ईयर के छात्र-छात्राओं—रोहित, मेहुल, ज़ेमिश, उर्मिला एवं संतोक—का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने मरीजों की सेवा एवं शिविर संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई।
माधव होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल द्वारा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रूप से स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। होम्योपैथिक विभाग की निदेशक डॉ. भारती देसाई ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय मानव सेवा, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहा है तथा भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।
कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. भानु प्रताप सिंह ने स्वास्थ्य टीम का उत्साहवर्धन करते हुए ट्राइबल बेल्ट क्षेत्रों में नियमित रूप से चिकित्सा शिविर आयोजित करने का आश्वासन दिया, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा सके। अंत में डॉ. अमित कुमार भास्कर व डॉ. अलका मेहरा सहित स्वास्थ्य दल ने ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार की सेवाएं जारी रखने की बात कही। यह पहल ग्रामीण स्वास्थ्य सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावी कदम के रूप में सामने आई है।

Dineshkumar Bohra, Sirohi
नाम: दिनेश बोहरा
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सिरोही जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, शिक्षा और प्रशासनिक खबरें
परिचय एवं अनुभव
दिनेश बोहरा सिरोही जिले से एक सक्रिय रिपोर्टर हैं। वह वर्तमान में 'फर्स्ट इंडिया न्यूज' में रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं और वहां सभी प्रकार की खबरों को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उनका अनुभव निम्नलिखित है:
- फर्स्ट इंडिया न्यूज: वर्ष 2013 से लगातार इस संस्थान से जुड़े हुए हैं और रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
- प्रातःकाल: पिछले कुछ समय से वह 'प्रातःकाल' समाचार पत्र और मीडिया प्लेटफॉर्म के साथ भी जुड़कर कार्य कर रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
दिनेश बोहरा शैक्षणिक रूप से परास्नातक हैं। उनकी योग्यता निम्नलिखित है:
- कला स्नातक (B.A.)
- कला स्नातकोत्तर (M.A.)
