माधव विश्वविद्यालय के चेयरमैन डॉ. राजकुमार 'शख्सियत अतिथि सम्मान 2026' से सम्मानित
शिक्षा के क्षेत्र में विशेष योगदान और ग्रामीण विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुलभ कराने के लिए राजस्थान के मंत्रियों ने किया सम्मानित।

सिरोही में माधव विश्वविद्यालय के चेयरमैन डॉ. राजकुमार को शिक्षा और समाजसेवा के लिए कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत (बाएं) और मदन दिलावर (दाएं) द्वारा 'शख्सियत अतिथि सम्मान 2026' से सम्मानित किया गया।
सिरोही। शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में अपने अप्रतिम योगदान के लिए माधव विश्वविद्यालय के फाउंडर व चेयरमैन डॉ. राजकुमार को 'शख्सियत अतिथि सम्मान 2026-27' से नवाजा गया है। एक निजी कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस गरिमापूर्ण समारोह में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत (देवस्थान, गोपालन, पशुपालन एवं डेयरी विभाग) तथा कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर (स्कूल शिक्षा, पंचायती राज एवं संस्कृत शिक्षा विभाग) ने संयुक्त रूप से डॉ. राजकुमार को सम्मानित किया। यह सम्मान डॉ. राजकुमार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए गए नवाचारों, आधुनिक सुविधाओं से युक्त शिक्षण व्यवस्था की स्थापना और विशेष रूप से ग्रामीण एवं आदिवासी अंचल के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर सुलभ कराने हेतु उनके सतत प्रयासों का प्रमाण है।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रमुख विभूतियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने डॉ. राजकुमार के बहुआयामी व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि उनका योगदान केवल शैक्षिक संस्थानों के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि वे समाजसेवा एवं युवा सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी एक प्रेरणादायी भूमिका निभा रहे हैं। उनके नेतृत्व में माधव विश्वविद्यालय ने शिक्षा, अनुसंधान, खेल, तकनीकी एवं सामाजिक गतिविधियों में एक नई और विशिष्ट पहचान स्थापित की है। इस अवसर पर विभिन्न गणमान्य नागरिक, शिक्षाविद् एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि विशेष रूप से मौजूद रहे।
इस उपलब्धि से संपूर्ण माधव विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष और उत्साह का माहौल है। विश्वविद्यालय के चांसलर हिम्मतसिंह देवल, प्रो-प्रेसिडेंट डॉ. सुशील भार्गव, रजिस्ट्रार डॉ. भावेश कुमावत व होम्योपैथिक विभाग की निदेशक डॉ. भारती देसाई सहित तमाम शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने फाउंडर एवं चेयरमैन डॉ. राजकुमार को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बधाई दी है तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं भविष्य में निरंतर सफलता की कामना की है। डॉ. राजकुमार का यह सम्मान न केवल विश्वविद्यालय के लिए, बल्कि क्षेत्र के संपूर्ण शैक्षिक परिवेश के लिए एक गर्व का क्षण है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
