माधव विश्वविद्यालय के चेयरमैन डॉ. राजकुमार को 'सुगम्य' सम्मान से नवाजा गया
दिव्यांगों को नि:शुल्क शिक्षा और समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. राजकुमार को सम्मानित किया गया।

जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में दिव्यांग सशक्तिकरण के लिए माधव विश्वविद्यालय के चेयरमैन डॉ. राजकुमार को सम्मानित करते कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत।
सिरोही। दिव्यांगों के उत्थान और शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित माधव विश्वविद्यालय, सिरोही के चेयरमैन डॉ. राजकुमार को उनकी अनुकरणीय सेवाओं के लिए जयपुर में आयोजित एक भव्य समारोह में सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें “सुगम्य – हक हर किसी का” अभियान के अंतर्गत न्यूज़ 18 राजस्थान के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया, जिसका उद्देश्य समाज और शिक्षा जगत में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को प्रोत्साहित करना है।
जयपुर के एक होटल में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में राजस्थान सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की शोभा डॉ. मंजू बाघमार और डिसएबिलिटी राइट्स एक्टिविस्ट डॉ. अरविंदर सिंह ने बतौर विशिष्ट अतिथि बढ़ाई। इस अवसर पर माधव विश्वविद्यालय के होम्योपैथिक विभाग की निदेशक डॉ. भारती देसाई भी उपस्थित रहीं।
डॉ. राजकुमार को यह सम्मान मुख्य रूप से माधव विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विशेष विद्यालय के माध्यम से 100 से अधिक दिव्यांग छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रदान किया गया है। उनके प्रभावी नेतृत्व और समाज सेवा के प्रति अटूट समर्पण का ही परिणाम है कि अनेक दिव्यांग विद्यार्थी शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़कर आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हुए हैं।
सम्मान ग्रहण करने के पश्चात डॉ. राजकुमार ने आयोजकों एवं न्यूज़ 18 राजस्थान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने दृढ़ संकल्प दोहराया कि माधव विश्वविद्यालय भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सामाजिक सरोकारों तथा दिव्यांगजन सशक्तिकरण के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा। इस उपलब्धि पर माधव विश्वविद्यालय के चांसलर हिम्मत सिंह देवल, प्रो-प्रेसिडेंट डॉ. सुशील भार्गव, रजिस्ट्रार डॉ. भावेश कुमावत सहित संपूर्ण विश्वविद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त किया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि करार देते हुए कहा कि यह सम्मान शिक्षा एवं समाज सेवा के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को एक महत्वपूर्ण वैश्विक पहचान प्रदान करता है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
