सिरोही। माधव विश्वविद्यालय के कॉलेज ऑफ कृषि में बांस की खेती एवं प्रमुख उद्यानिकी योजनाओं पर आधारित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को बांस की खेती की आधुनिक तकनीकों, उत्पादन, उपयोग और कीट प्रबंधन से अवगत कराना है।

कार्यक्रम में उद्यान विभाग सिरोही के उपनिदेशक डॉ. हेमराज मीणा ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न सब्सिडी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि बांस एक बहुउपयोगी फसल है, जिसका उपयोग फर्नीचर, कागज उद्योग, भवन निर्माण और पर्यावरण संरक्षण में व्यापक रूप से होता है। उन्होंने कहा कि यह तेजी से बढ़ने वाला पौधा है और कम लागत में अच्छी आय देने की क्षमता रखता है।

आत्मा सिरोही के उपनिदेशक ओमप्रकाश बैरवा ने किसानों को इनोवेटिव फार्मर अवार्ड एवं कृषक भ्रमण कार्यक्रम की जानकारी दी। कॉलेज ऑफ कृषि के इंचार्ज डीन डॉ. आलोक कुमार ने कहा कि सिरोही जिले के किसान बांस की विभिन्न प्रजातियों की खेती कर उनसे उत्पाद बनाकर बाजार में बेहतर मूल्य प्राप्त कर सकते हैं और इससे उद्यमिता के नए अवसर विकसित हो सकते हैं।

माधव होम्योपैथिक कॉलेज की निदेशक डॉ. भारती देसाई ने बताया कि बांस की खेती किसानों के लिए आय का स्थायी और लाभकारी विकल्प बन सकती है। विश्वविद्यालय किसानों को नई तकनीक और वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

कार्यक्रम में डॉ. गीतिका सिंह ने बांस के उपयोग और आर्थिक महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि डॉ. शिखर देसाई ने बांस में लगने वाले प्रमुख कीटों और उनके प्रबंधन की जानकारी दी। डॉ. सीताराम ने बताया कि सिरोही जिले की जलवायु बांस की खेती के लिए अनुकूल है और इससे बने उत्पाद देश-विदेश में निर्यात किए जा सकते हैं।

इस अवसर पर एक्रिडिटेशन निदेशक डॉ. संजीव सेठ, किशोर कुमार मीणा एवं वीराराम मीणा (सहायक कृषि अधिकारी) तथा मुकेश कुमार वर्मा (कृषि पर्यवेक्षक) ने भी किसानों को विभिन्न योजनाओं और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। विश्वविद्यालय के डॉ. चिराग सोलंकी, अभिलाष रॉय और शाहरुख खान भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों और विद्यार्थियों ने भाग लिया और बांस की खेती को आय का बेहतर विकल्प बताते हुए इसे अपनाने में गहरी रुचि दिखाई। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम किसानों को आय सृजन और उद्यमिता के अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story