माधव विश्वविद्यालय के डॉ. गगन गोयल का एआई आधारित अल्जाइमर प्रेडिक्शन डिवाइस पर पेटेंट प्रकाशित
डिवाइस बायोमार्कर्स से अल्जाइमर जोखिम प्रारंभिक स्तर पर पहचानने में सक्षम

सिरोही। माधव विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग संकाय के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. गगन गोयल द्वारा विकसित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित विशेष डिवाइस पर हाल ही में पेटेंट प्रकाशित हुआ है। इस नवाचार का शीर्षक है “बायोमार्कर्स के माध्यम से अल्जाइमर रोग की भविष्यवाणी करने वाली आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित डिवाइस”।
यह डिवाइस अत्याधुनिक कृत्रिम बुद्धिमत्ता तकनीक का उपयोग करते हुए विभिन्न बायोमार्कर्स से प्राप्त आंकड़ों का विश्लेषण करती है और अल्जाइमर रोग के संभावित जोखिम का प्रारंभिक स्तर पर आकलन करने में सक्षम है। इस तकनीक से मरीजों में इस गंभीर न्यूरोलॉजिकल बीमारी की समय रहते पहचान संभव होगी, जिससे उपचार और देखभाल की प्रक्रिया अधिक प्रभावी बन सकेगी।
डॉ. गगन गोयल का यह शोध चिकित्सा और तकनीक के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यह उपलब्धि न केवल विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है, बल्कि समाज के लिए भी उपयोगी साबित हो सकती है, क्योंकि अल्जाइमर जैसी जटिल बीमारी की प्रारंभिक पहचान से मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा।
इंजीनियरिंग संकाय के अधिष्ठाता डॉ. राजेन्द्र कुमार वैरागी ने डॉ. गगन गोयल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि डॉ. गोयल का यह शोध माधव विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है तथा इससे विश्वविद्यालय में अनुसंधान और नवाचार को नई दिशा मिलेगी।
साथ ही इंजीनियरिंग विभाग के सभी फैकल्टी सदस्य डॉ. संगीता सिंह, डॉ. अंकुर कुमार मीना, दशरथ परमार, विक्रम सुथार, अमित कुमार अग्रवाल, अभिमन्यु गढ़वी, राहुल कुमार मीना तथा सलीम अहमद ने भी डॉ. गगन गोयल को इस उपलब्धि पर बधाई दी और उनके शोध कार्य की सराहना की। उन्होंने इसे विश्वविद्यालय और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
